ई-केवाईसी अधूरी होने या पोर्टल पर ‘नॉट वेरिफाइड’ दिखने से पात्र परिवारों का राशन नहीं रुकेगा, राशन कार्ड की कई समस्याओं का भी घर बैठे होगा समाधान
रायपुर। राशन दुकान पर मशीन में अंगूठा नहीं लगने से अब हितग्राहियों को खाली हाथ लौटने की जरूरत नहीं होगी। बुजुर्गों, श्रमिकों और ऐसे लोगों को चेहरे से पहचान यानी फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए भी राशन दिया जा सकेगा। किसी सदस्य की ई-केवाईसी अधूरी है या पोर्टल पर उसके नाम के सामने ‘नॉट वेरिफाइड’ लिखा है, तब भी पात्र परिवार का राशन बंद नहीं होगा। खाद्य विभाग ने राशन वितरण और राशन कार्ड से जुड़ी कई समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
ई-केवाईसी अधूरी होने पर भी नहीं रुकेगा राशन
राशन कार्ड बंद होने और ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर नाम कटने की आशंका के बीच खाद्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के मुताबिक, ई-केवाईसी या वेरिफिकेशन की प्रक्रिया लंबित होने मात्र से किसी पात्र हितग्राही का राशन बंद नहीं होगा।

‘नॉट वेरिफाइड’ दिखे तो ऐसे कराएं सत्यापन
राशन कार्डधारी परिवार के सदस्य ऑनलाइन अपना सत्यापन स्टेटस देख सकते हैं। यदि किसी सदस्य के नाम के सामने ‘नॉट वेरिफाइड’ दिखाई देता है, तो वह फेस ई-केवाईसी के जरिए सत्यापन करा सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित सदस्य का स्टेटस वेरिफाइड हो जाएगा।
राशन वितरण के दौरान सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को होती है, जिनकी अंगुलियों के निशान मशीन में दर्ज नहीं हो पाते। इसके समाधान के लिए फेस ऑथेंटिकेशन एप भी उपलब्ध कराया गया है, जिसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
कम राशन मिलने पर भी नहीं लौटेंगे खाली हाथ
कई बार आवंटन, वितरण रिकॉर्ड या तकनीकी गड़बड़ी के कारण हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न मिलने की शिकायत सामने आती है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कम राशन मिलने की समस्या का निराकरण हो चुका है, तो पात्र हितग्राही को बचा हुआ खाद्यान्न भी उपलब्ध कराया जाए।
उचित मूल्य दुकान संचालक बिना वितरण रिकॉर्ड और आवंटन की जांच किए हितग्राहियों को वापस नहीं लौटा सकेंगे। सहायक खाद्य अधिकारियों और खाद्य निरीक्षकों को ऐसे मामलों की जांच कर समाधान करने की जिम्मेदारी दी गई है।
दुकान पर ही सुधरेगी नाम और जन्मतिथि की गलती
राशन कार्ड में आधार के अनुसार नाम, जन्मतिथि या अन्य व्यक्तिगत जानकारी गलत दर्ज होने पर अब सुधार का विकल्प उपलब्ध है। ई-पास मशीन में ई-केवाईसी अपडेट और आधार संबंधी जानकारी में संशोधन की सुविधा दी गई है। हितग्राही उचित मूल्य दुकान संचालक से संपर्क कर तकनीकी विकल्पों के माध्यम से सुधार करा सकते हैं। इससे छोटी-छोटी गलतियों के लिए खाद्य कार्यालयों में आवेदन लेकर भटकने की जरूरत कम होगी।
घर बैठे खोज सकते हैं पुराने कार्ड का नया आरसी नंबर
जिन परिवारों के पास पुराने यानी लेगेसी राशन कार्ड हैं और उन्हें नए आरसी नंबर की जानकारी नहीं है, वे खाद्य विभाग के पोर्टल पर इसे खोज सकते हैं। इसके लिए विभाग ने पुराने राशन कार्ड का नया आरसी नंबर खोजने की सुविधा उपलब्ध कराई है। इससे पुराने राशन कार्ड का विवरण और नया आरसी नंबर जानने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

ऑनलाइन जुड़ेगा नया सदस्य, हटेगा पुराना नाम
राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को भी ऑनलाइन किया गया है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पोर्टल पर सिटीजन लॉगिन के माध्यम से तीन तरह के आवेदन किए जा सकते हैं। इनमें परिवार के लिए नया राशन कार्ड बनवाना, पहले से जारी राशन कार्ड में परिवार के नए सदस्य का नाम जोड़ना और किसी सदस्य का नाम हटाना शामिल है।
नए राशन कार्ड के लिए आधार नंबर और मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी से लॉगिन किया जा सकता है। वहीं, सदस्य का नाम जोड़ने या हटाने के लिए राशन कार्ड नंबर और सुविधा के अनुसार लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से लॉगिन करना होगा।
दुकानदारों की व्यवस्थाओं पर रहेगी निगरानी
खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के अनुसार, सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि उचित मूल्य दुकान संचालक हितग्राहियों को सही जानकारी दें और तकनीकी विकल्पों का इस्तेमाल कर उनकी समस्याओं का समाधान करें। सहायक खाद्य अधिकारियों और खाद्य निरीक्षकों को दुकानों की व्यवस्था पर निगरानी रखने तथा पात्र परिवारों को पूरा खाद्यान्न दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह खबर भी पढ़ें
भाजपा विधायक ईश्वर साहू का महिला डांसरों के साथ डांस करते वीडियो वायरल, कांग्रेस ने उठाए सवाल
- छत्तीसगढ़ में VIP सुरक्षा में बड़ा फेरबदल: केदार कश्यप समेत 9 को Z, CM की पत्नी कौशल्या साय को Y+ सुरक्षा

- कोरबा में नशे की हालत में मिले 9 स्कूली बच्चों का मामला गरमाया, दीपक बैज ने सरकार को घेरा

- बलौदाबाजार में मां और दो बच्चों की मौत, संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव

- छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह बने नए AICC सचिव

- बिलासपुर नगर निगम को 7 दिन में दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार, पीएम स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मिलेगा सम्मान













Leave a Reply