सुबह 11 से रात 10 बजे तक हुई टेस्टिंग, सीआईआरटी पुणे की टीम ने परखी तकनीकी क्षमता; मंजूरी के बाद आएंगी बाकी 99 बसें
रायपुर। शहर में जल्द शुरू होने वाली इलेक्ट्रिक बस सेवा की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को सैंपल ई-बस का करीब 225 किलोमीटर लंबा ट्रायल किया गया। सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक बस को शहर की तंग गलियों, भीड़भाड़ वाले चौराहों, संकरी सड़कों और प्रमुख मार्गों पर दौड़ाकर उसकी क्षमता और तकनीकी खूबियों को परखा गया।
केंद्रीय सड़क परिवहन संस्थान (सीआईआरटी), पुणे की टीम ने थर्ड पार्टी टेस्टिंग के तहत बस का परीक्षण किया। ट्रायल सफल रहने और संस्थान से मंजूरी मिलने के बाद इसी तकनीकी मानक के आधार पर बाकी बसों की सप्लाई का रास्ता साफ होगा।

कारा-निमोरा से पचपेड़ी नाका तक दौड़ी बस
सैंपल बस को कारा-निमोरा से रवाना किया गया। इसके बाद टाटीबंध, एम्स, एनआईटी, आमापारा, तात्यापारा, जयस्तंभ चौक, घड़ी चौक, मेकाहारा चौक, पंडरी, मोवा, सड्डू, कचना, राजू ढाबा और रिंग रोड होते हुए पचपेड़ी नाका तक चलाया गया।
यहां से बस अभनपुर, संतोषी नगर, भाठागांव चौक, आईएसबीटी, कालीबाड़ी, महिला थाना, रेलवे स्टेशन और अग्रसेन चौक सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान बस की गति, मोड़ने की क्षमता, ब्रेकिंग सिस्टम और अलग-अलग सड़क परिस्थितियों में प्रदर्शन का आकलन किया गया।
एक चार्ज में 170 से 180 किमी चलेगी बस
ट्रायल के दौरान बैटरी क्षमता और चार्जिंग व्यवस्था की भी जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, पूरी तरह चार्ज होने पर बस करीब 170 से 180 किलोमीटर तक चल सकेगी। इसके बाद लगभग 30 मिनट की अपॉर्चुनिटी चार्जिंग की जरूरत होगी।
इसी चार्जिंग व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 225 किलोमीटर के ट्रायल में बस की बिजली खपत, बैटरी क्षमता और प्रदर्शन का परीक्षण किया गया। इसके अलावा मोटर क्षमता, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, ग्राउंड क्लीयरेंस और यात्रियों के साथ बस के संचालन से जुड़े तकनीकी पहलुओं को भी परखा गया।
पहले एक बस की टेस्टिंग, फिर आएंगी बाकी 99
पीएम ई-बस सेवा के तहत रायपुर को कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं। फिलहाल सभी बसों की टेस्टिंग नहीं की जा रही है, बल्कि पहले एक सैंपल बस का थर्ड पार्टी परीक्षण कराया जा रहा है।
सीआईआरटी से मंजूरी मिलने के बाद इसी तकनीकी मानक के अनुरूप बाकी 99 बसों की सप्लाई की जाएगी। बसों की आपूर्ति एक साथ न होकर चरणबद्ध तरीके से होने की योजना है।

डिपो और चार्जिंग स्टेशन तैयार होने का इंतजार
ई-बसों के नियमित संचालन से पहले जरवाय में डिपो और चार्जिंग स्टेशन का निर्माण पूरा होना जरूरी है। दो मंजिला डिपो में 20 चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाने हैं, लेकिन फिलहाल निर्माण कार्य शुरुआती स्तर पर है।
नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा के अनुसार, जनवरी तक डिपो का एक फ्लोर तैयार कर कंपनी को सौंपने की योजना है। डिपो और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होने के बाद बसों के संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
यह खबर भी पढ़ें
चक्रवात अकवान का असर छत्तीसगढ़ में, रायपुर में रात से बूंदाबांदी; 11 जिलों में यलो अलर्ट
- छत्तीसगढ़ में VIP सुरक्षा में बड़ा फेरबदल: केदार कश्यप समेत 9 को Z, CM की पत्नी कौशल्या साय को Y+ सुरक्षा

- कोरबा में नशे की हालत में मिले 9 स्कूली बच्चों का मामला गरमाया, दीपक बैज ने सरकार को घेरा

- बलौदाबाजार में मां और दो बच्चों की मौत, संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव

- छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह बने नए AICC सचिव

- बिलासपुर नगर निगम को 7 दिन में दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार, पीएम स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मिलेगा सम्मान













Leave a Reply