पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में एक अपचारी बालक सहित 8 आरोपी पकड़े गए, चोरी की बाइक जंगल में पत्तों से ढककर छिपाते थे आरोपी।

रायगढ़। जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पूंजीपथरा और लैलूंगा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले दो गिरोहों का पर्दाफाश किया है। दोनों मामलों में एक अपचारी बालक सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत की चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पूंजीपथरा पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार
पहला मामला थाना पूंजीपथरा क्षेत्र का है। यहां पुलिस ने बाइक चोरी की घटनाओं की जांच करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी और उर्दना क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय बाइक चोरी करते थे और चोरी के बाद उन्हें जंगल में ले जाकर पत्तों से ढककर छिपा देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद 9 मोटरसाइकिलों की कीमत करीब 6 लाख 12 हजार रुपये आंकी है।
चोरी की पल्सर बेचने की फिराक में घूम रहे थे आरोपी
दूसरी कार्रवाई थाना लैलूंगा पुलिस ने की। पुलिस ने चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मोटरसाइकिल के कुछ पार्ट्स में बदलाव कर उसे मॉडिफाई भी किया था, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
कुल 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद
पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक अपचारी बालक भी शामिल है। दोनों मामलों में पुलिस ने करीब 7 लाख रुपये कीमत की 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी है।
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस की जांच आगे भी जारी है।
यह खबर भी पढ़ें :
राहुल गांधी डिबेट से भागेंगे, अपनी राजनीतिक हाइट बढ़ाने के लिए कर रहे बयानबाजी: ओपी चौधरी
- एनटीपीसी लारा में राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ की टीम चयनित

- जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में 90% मतदान, 605 अधिवक्ताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग, मतपेटियों में बंद हुई प्रत्याशियों की किस्मत

- रायगढ़ में चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ की समीक्षा बैठक, संगठन को मजबूत बनाने पर मंथन

- दीपावली से पहले रायगढ़ के बाजारों में फीकी रौनक, ग्राहकों का इंतजार कर रहे व्यापारी













Leave a Reply