पुल के नीचे बन रहा मरीन ड्राइव, लेकिन ऊपर की सड़क पर नहीं ध्यान; पानी का छिड़काव बंद होने से दिनभर उड़ रहे धूल के गुबार

Highlights
- जूटमिल को चक्रधरनगर और कलेक्टोरेट से जोड़ता है शहीद भगत सिंह सेतु।
- पुल के ऊपर सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे।
- बारिश थमने के बाद धूल बनी राहगीरों की नई परेशानी।
- स्थानीय लोगों ने नियमित पानी छिड़काव और सड़क मरम्मत की मांग उठाई।
पूरी खबर
रायगढ़ में एक तरफ जूटमिल क्षेत्र को चक्रधरनगर से जोड़ने वाले शहीद भगत सिंह सेतु के नीचे नए मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। वहीं दूसरी ओर इसी पुल के ऊपर की सड़क बदहाली का शिकार है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे और उड़ती धूल से राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश थमने के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है, लेकिन अब तक जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं गया है।
गड्ढों से परेशान वाहन चालक
शहीद भगत सिंह सेतु जूटमिल क्षेत्र को कलेक्टोरेट और चक्रधरनगर से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस सड़क से रोजाना हजारों लोग दोपहिया और चारपहिया वाहनों से आवागमन करते हैं। वर्तमान में पुल के ऊपर की सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।
बारिश के दौरान भी लोगों को इन गड्ढों से जूझना पड़ा। अब बारिश थमने के बाद सड़क पर धूल की समस्या बढ़ गई है। वाहनों के गुजरते ही धूल के गुबार उठने लगते हैं, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी हो रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है।
पानी का छिड़काव बंद, दिनभर उड़ रही धूल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाता था, जिससे धूल पर नियंत्रण रहता था। लेकिन अब पानी का छिड़काव बंद हो गया है। इसके कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है और लोगों को मजबूरी में इसी रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से नाराजगी
सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि जूटमिल क्षेत्र में महापौर का प्रतिष्ठान होने के बावजूद इलाके की सड़क की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों से इस समस्या को गंभीरता से लेने की मांग की है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग सड़क की मरम्मत और नियमित पानी छिड़काव को लेकर कब तक कदम उठाता है।












Leave a Reply