रायगढ़ राज्योत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने किया निरीक्षण

2 नवंबर को पंजरी प्लांट स्थित ऑडिटोरियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी करेंगे शुभारंभ; बैठक, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

रायगढ़ राज्योत्सव 2026
रायगढ़ राज्योत्सव 2026

Highlights

  • 2 नवंबर को शाम 6 बजे शुरू होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव।
  • कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
  • वित्त मंत्री ओपी चौधरी करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ।
  • ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है इस वर्ष की थीम।
  • विभागीय स्टॉल में शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की लगेगी प्रदर्शनी।

2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष को लेकर रायगढ़ में जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 2 नवंबर को पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।

इसी कड़ी में शनिवार को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और सभी काम समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।

ओपी चौधरी करेंगे राज्योत्सव का शुभारंभ

रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ 2 नवंबर को शाम 6 बजे प्रदेश के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी करेंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, ध्वनि विस्तारक यंत्र, पार्किंग, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

विभागीय प्रदर्शनी में दिखेगी विकास और उपलब्धियों की झलक

राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से महिला स्वावलंबन, युवा कौशल विकास, ग्रामीण समृद्धि, औद्योगिक प्रगति और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।

आपसी समन्वय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष का यह आयोजन गरिमामय, आकर्षक और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

यह ख़बर भी पढ़ें: – छत्तीसगढ़ में दो भीषण सड़क हादसे, 3 लोगों की मौत; 4 घायल, रायपुर में कार छोड़कर फरार हुए चार युवक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *