उर्दना पुलिस लाइन में जवानों ने दिया एकता और भाईचारे का संदेश, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों ने भी देखी एकता परेड

Highlights
- सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस।
- उर्दना पुलिस लाइन में पुलिस और छठवीं वाहिनी के जवानों ने लगाई एकता दौड़।
- जिले के 22 स्थानों पर एकता परेड का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
- एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने कार्यक्रम में लिया हिस्सा।
पूरी खबर
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रायगढ़ पुलिस ने भी जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उर्दना स्थित पुलिस लाइन में पुलिस और सशस्त्र वाहिनी के जवानों ने एकता दौड़ में हिस्सा लिया। वहीं, गुजरात के एकता नगर में आयोजित विशेष एकता परेड का जिले के 22 स्थानों पर लाइव प्रसारण किया गया।
पुलिस और सशस्त्र वाहिनी के जवानों ने लगाई एकता दौड़
एसएसपी के मार्गदर्शन में सुबह उर्दना स्थित पुलिस लाइन में रक्षित केंद्र और छठवीं वाहिनी के जवानों ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय एकता दौड़ में भाग लिया। इस आयोजन के जरिए पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
22 स्थानों पर दिखाया गया एकता परेड का सीधा प्रसारण
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार गुजरात के एकता नगर में आयोजित विशेष एकता परेड का लाइव प्रसारण जिले के 22 स्थानों पर दिखाने की व्यवस्था की गई थी। विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों के साथ स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भी परेड का सीधा प्रसारण देखा।
पुलिस कार्यालय में भी हुआ विशेष आयोजन
पुलिस कार्यालय रायगढ़ में एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह, एएसपी अनिल कुमार सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया। साथ ही सभी ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया।













Leave a Reply