तीन दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन श्याम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मनोकामना पूरी होने पर भक्तों ने खीर-चूरमा का भोग लगाया

रायगढ़। संजय कॉम्प्लेक्स स्थित श्री श्याम मंदिर में श्याम मंडल द्वारा आयोजित 48वां श्री श्याम महोत्सव धूमधाम और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। मनोकामना पूरी होने पर भक्तों ने परिवार के साथ पहुंचकर श्याम बाबा को सवामनी का भोग अर्पित किया। अंतिम दिन कुल 60 भक्तों ने बाबा को सवामनी चढ़ाई।
अखंड पाठ और भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
तीन दिवसीय श्याम महोत्सव का शुभारंभ 18 नवंबर को हुआ था। पहले दिन श्री श्याम प्रभु के अखंड पाठ की शुरुआत की गई। इसके बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। पूरे महोत्सव के दौरान शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लेते रहे।
महोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन शनिवार को सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। समिति की ओर से बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और मनोकामना पूरी होने पर बाबा के दरबार में सवामनी भोग अर्पित किया।
60 भक्तों ने चढ़ाई सवामनी
श्याम बाबा के दरबार में श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। मनोकामना पूरी होने पर भक्त अपने परिवार के साथ आकर बाबा को सवामनी खीर-चूरमा का प्रसाद चढ़ाते हैं। इस बार 48वें श्याम महोत्सव में सवामनी चढ़ाने वाले भक्तों की संख्या बढ़कर 60 हो गई।
मंदिर में बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया। फूलों और आकर्षक वस्त्रों से सजे दरबार में श्रद्धालु ज्योत के सामने शीश झुकाकर आशीर्वाद मांगते रहे। महोत्सव के अंतिम दिन श्याम मंडल की ओर से भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसमें भक्त भजनों के माध्यम से बाबा की भक्ति में लीन रहे।












Leave a Reply