पुसौर के 100 मेधावी विद्यार्थियों ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से की मुलाकात

रायपुर प्रवास के दौरान विद्यार्थियों को पढ़ाई, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिला मार्गदर्शन, वित्त मंत्री ने अपने जीवन के अनुभव साझा कर मेहनत और अनुशासन का दिया संदेश

पुसौर के मेधावी विद्यार्थी ओपी चौधरी से मुलाकात
पुसौर के मेधावी विद्यार्थी ओपी चौधरी से मुलाकात

रायगढ़। रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक के मेधावी विद्यार्थियों के लिए रायपुर प्रवास यादगार बन गया। शैक्षणिक भ्रमण पर राजधानी पहुंचे करीब 100 विद्यार्थियों ने प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी से उनके निज निवास पर मुलाकात की। इस दौरान वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और पढ़ाई, करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा भविष्य के लक्ष्य को लेकर मार्गदर्शन दिया।

बड़े सपने देखें, मेहनत से पूरा करें

पुसौर ब्लॉक के मेधावी विद्यार्थियों और जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं ने वित्त मंत्री से उच्च शिक्षा, करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और लक्ष्य निर्धारण से जुड़े सवाल पूछे। ओपी चौधरी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए कहा कि जीवन में बड़े सपने देखना जरूरी है, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत भी आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने और आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था

मुलाकात के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सभी विद्यार्थियों के लिए अपने निवास पर भोजन की व्यवस्था भी कराई। उनके आत्मीय व्यवहार और प्रेरणादायी मार्गदर्शन से विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए।

विद्यार्थियों के लिए यह मुलाकात केवल एक शैक्षणिक भ्रमण का हिस्सा नहीं रही, बल्कि भविष्य के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी बनी।


✦ SHARE THE NEWS

खबर को आगे बढ़ाएं!

इस खबर को अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें।

↗
COPY NEWS LINK https://harshnews.com/pusaur-meritorious-students-op-choudhary-meeting/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *