चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर बरकरार, दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना; अगले 24 घंटे बाद बढ़ेगी ठंड
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर अब भी बना हुआ है। इसके चलते गुरुवार को प्रदेश के 8 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले 24 घंटे बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है।

इन 8 जिलों में जारी हुआ यलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
पखांजूर में सबसे ज्यादा 80 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। इस दौरान पखांजूर में सबसे ज्यादा 80 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सुकमा में 7 सेंटीमीटर और कोंटा में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
आंध्र प्रदेश में बना कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र 4 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे भी सक्रिय था। यह चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का अवशेष हिस्सा है।
इसके उत्तर दिशा में आगे बढ़ने और अगले 12 घंटे में कमजोर होने की संभावना जताई गई है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

अगले 24 घंटे बाद बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटे बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। तापमान में गिरावट के कारण रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।












Leave a Reply