एसएसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, चोरी रोकने रात्रि गश्त बढ़ेगी, किराएदारों का सत्यापन और बदमाशों पर जिला बदर की कार्रवाई होगी तेज

रायगढ़। साल के आखिरी महीने से पहले रायगढ़ पुलिस अपराधों की लंबित पेंडेंसी कम करने और कानून व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए एक्शन मोड में आ गई है। एसएसपी ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर अगले एक महीने में थानों की लंबित अपराध पेंडेंसी 5 प्रतिशत से कम रखने का लक्ष्य दिया है। ठंड के मौसम में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने रात्रि गश्त मजबूत करने, बदमाशों पर कार्रवाई तेज करने और किराएदारों के सत्यापन से लेकर अवैध रूप से रह रहे बाहरी लोगों की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
लंबित अपराधों के निराकरण पर विशेष जोर
शनिवार को रायगढ़ पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने जिले की कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों, शिकायतों और पुलिस के विभिन्न अभियानों की समीक्षा की। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी और शाखा प्रमुख मौजूद रहे।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अगले एक महीने के भीतर लंबित अपराधों की पेंडेंसी कम करने और थानों में इसे 5 प्रतिशत से अधिक नहीं रखने का लक्ष्य दिया। नवीन आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज मामलों का 60 और 90 दिनों की निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने, लंबित चालान न्यायालय में पेश करने और तीन महीने के भीतर लंबित मर्ग मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
वहीं एक साल से अधिक समय से लंबित अपराधों की विशेष समीक्षा कर उनके निराकरण के लिए ठोस प्रयास करने को कहा गया। गुम बालक-बालिकाओं और गुम इंसानों की दस्तयाबी के लिए भी नए सिरे से प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
ठंड में चोरी रोकने रात की गश्त होगी मजबूत
सर्दियों के मौसम में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए एसएसपी ने रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध व्यक्तियों और बाहरी गिरोहों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के साथ पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग करने को कहा गया है।
पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चोरी और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
ऑपरेशन आघात, अंकुश और प्रहार में तेज होगी कार्रवाई
बैठक में ऑपरेशन आघात, अंकुश, प्रहार, अभियान संवेदना और ऑपरेशन शंखनाद की समीक्षा की गई। एसएसपी ने आगामी एक महीने में आबकारी, जुआ और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए।
सक्रिय बदमाशों के खिलाफ गुंडा और निगरानी बदमाश की फाइल तैयार करने के साथ जिला बदर की कार्रवाई तेज करने को कहा गया। सट्टा खाईवालों की अवैध संपत्ति जब्ती की तैयारी करने के निर्देश भी दिए गए।
किराएदारों का सत्यापन और होटल-लॉज की जांच
अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल और लॉज की नियमित जांच करने के साथ अवैध रूप से रह रहे लोगों पर निगरानी रखने को कहा गया है।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अभियान चलाएं और निर्धारित समय सीमा में लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करें।












Leave a Reply