नौकरी के नाम पर रूस गए छत्तीसगढ़ के 2 युवक फंसे, ड्रग्स केस में जेल या सेना में भर्ती का दबाव बनाने का आरोप

रायपुर के टिकेश्वर साहू और बिल्हा के विनीत दुबे के परिजनों ने प्रताड़ना का आरोप लगाया; 7 लाख रुपए मांगने का दावा, भारत सरकार से सुरक्षित वापसी की गुहार

रायपुर। नौकरी की तलाश में रूस गए छत्तीसगढ़ के दो युवकों के वहां फंसने और प्रताड़ना झेलने का मामला सामने आया है। रायपुर के टिकेश्वर साहू (38) और बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे (21) के परिजनों का आरोप है कि युवकों को ड्रग्स के मामले में फंसाने की धमकी देकर रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। परिवारों के मुताबिक, युवकों को 15 से 20 साल जेल में रहने या सेना में भर्ती होने जैसे विकल्प बताकर डराया जा रहा है। दोनों परिवारों ने भारत सरकार से मदद और युवकों की सुरक्षित वापसी की मांग की है।

बिल्हा के विनीत को टेलीग्राम से मिला था नौकरी का ऑफर

बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे (21) नौकरी की तलाश में 1 अक्टूबर को रूस गए थे। उनकी बहन आशी दुबे के मुताबिक, उन्हें टेलीग्राम के जरिए नौकरी का ऑफर मिला था। रूस में एक दुकान के स्टोरेज रूम में काम करने की बात बताई गई थी।

टिकट और वीजा की व्यवस्था भी ऑफर देने वालों ने की थी। रूस पहुंचने के बाद विनीत ने परिवार को जानकारी दी। कुछ दिन बाद उन्होंने बहन से कहा कि वे वापस भारत आना चाहते हैं। उन्होंने पैसों की जरूरत पड़ने की बात कही, जिस पर बहन ने 70 से 75 हजार रुपए भेजने की पेशकश की। हालांकि, विनीत ने जरूरत पड़ने पर बताने की बात कही। इसके बाद उनसे संपर्क टूट गया।

7 लाख रुपए मांगे, फिर आत्महत्या की खबर दी

विनीत की बहन का आरोप है कि बाद में एक युवक ने संपर्क कर बताया कि विनीत पर नारकोटिक्स यानी ड्रग्स का केस दर्ज हुआ है और उन्हें रूसी सेना में शामिल होने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। वकील की व्यवस्था कराने के नाम पर एक अनजान नंबर से 7 लाख रुपए मांगे गए। परिवार ने रकम नहीं दी।

इसके बाद 27 अक्टूबर को उनके पिता को फोन कर बताया गया कि विनीत ने आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनकर उनके पिता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। हालांकि, बाद में विनीत ने खुद अपनी बहन से संपर्क किया और आत्महत्या की खबर को गलत बताया। परिवार का दावा है कि विनीत ने वीडियो के जरिए रूस में अपने साथ हो रही घटनाओं की जानकारी दी।

वीडियो जारी कर भारत सरकार से मांगी मदद

रूस में फंसे विनीत का वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने भारत सरकार से मदद की अपील की है। वीडियो में विनीत का कहना है कि भारतीयों को नौकरी के नाम पर रूस बुलाया जा रहा है। वहां पहुंचने पर कुछ लोग एयरपोर्ट के पास लेने आते हैं और काम के बारे में जानकारी देते हैं। काम करने से मना करने पर बंदूक दिखाकर धमकाने का आरोप भी उन्होंने लगाया है।

विनीत का आरोप है कि नौकरी के नाम पर बुलाए गए भारतीयों को ड्रग्स के मामलों में फंसाया जा रहा है और बाद में रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जाता है। उन्होंने दावा किया कि वहां भारतीयों के अलावा दूसरे देशों के नागरिक, स्टूडेंट और टूरिस्ट भी ऐसी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। वीडियो में उन्होंने सभी फंसे लोगों को सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील की है।

रायपुर के टिकेश्वर को इंटरव्यू के नाम पर बुलाया

रायपुर के गुढ़ियारी श्रीनगर निवासी टिकेश्वर साहू (38) सेल्स एंड मार्केटिंग में 17 साल का अनुभव रखते हैं। करीब 10 साल पहले वे दुबई में भी नौकरी कर चुके हैं। इस बार उन्हें टेलीग्राम के जरिए रूस में नौकरी का ऑफर मिला था। पैकेज अच्छा बताया गया था। कंपनी ने दिल्ली से मॉस्को और फिर वोल्गोग्राद तक टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था करने की बात कही थी।

टिकेश्वर 7 सितंबर 2026 को रूस रवाना हुए थे। उन्होंने परिवार को बताया था कि पहले इंटरव्यू देकर नौकरी समझेंगे। काम पसंद आया तो रुकेंगे, नहीं तो 23 सितंबर की वापसी टिकट से भारत लौट आएंगे।

संपर्क टूटा, फिर ड्रग्स केस में फंसाने की जानकारी मिली

रूस पहुंचने के बाद टिकेश्वर से अचानक संपर्क बंद हो गया। परिवार को लगा कि नेटवर्क या काम की वजह से बात नहीं हो पा रही होगी। 22 अक्टूबर को रूस के एक नंबर से कॉल आया। पत्नी मनोरमा साहू के मुताबिक, दूसरी तरफ टिकेश्वर थे और पीछे कुछ लोग मौजूद थे। उनका चेहरा सूजा हुआ था और वे रो रहे थे।

टिकेश्वर ने बताया कि रूसी पुलिस ने उन्हें ड्रग्स के मामले में फंसा दिया है और 15 से 20 साल की सजा होने की बात कही जा रही है। मनोरमा के मुताबिक, उन्होंने रूस में पढ़ने वाले छात्रों से संपर्क किया और वकील की व्यवस्था की। वकील के माध्यम से पता चला कि टिकेश्वर को वोल्गोग्राद में डिटेन किया गया है। हालांकि, जब वकील उनसे मिलने पहुंचती थीं, तो कभी उनके वहां नहीं होने या दूसरी वजह बताकर मुलाकात नहीं कराई जाती थी।

25 अक्टूबर को मुलाकात होने पर टिकेश्वर ने बताया कि 22 अक्टूबर से उनकी तबीयत खराब है। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड और साइटिका की समस्या है। पत्नी का आरोप है कि उन्हें नियमित दवाइयां भी नहीं दी जा रही हैं।

गिरफ्तारी का फुटेज भी नहीं देने का आरोप

मनोरमा साहू का कहना है कि उनकी वकील ने टिकेश्वर की गिरफ्तारी की जगह, परिस्थितियों और उनके पास से बरामद सामान की जानकारी मांगी थी। गिरफ्तारी और एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज भी मांगे गए, लेकिन परिवार के मुताबिक, ये उपलब्ध नहीं कराए गए।

पत्नी का आरोप है कि टिकेश्वर पर ड्रग्स केस में सजा की धमकी देकर रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। परिवार इस पूरे मामले को लेकर उनकी सुरक्षा और कानूनी स्थिति पर चिंता जता रहा है।

सरकार से मांग, सभी भारतीयों की सुरक्षित वापसी हो

दोनों परिवारों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय पुलिस, प्रशासन, मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाई है। भारतीय और रूसी दूतावास को भी ईमेल भेजे गए हैं, लेकिन परिजनों का आरोप है कि अब तक उन्हें युवकों की सुरक्षा और भारत वापसी को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।

मनोरमा साहू ने बताया कि उनके परिवार में दो बेटियां हैं और बुजुर्ग सास-ससुर भी हैं। वहीं, आशी दुबे के परिवार में पिता की तबीयत खराब रहती है। ऐसे में दोनों परिवार लगातार युवकों की सुरक्षित वापसी की चिंता में हैं।

परिजनों ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि भारतीय दूतावास के माध्यम से रूस में फंसे छत्तीसगढ़ के युवकों की जानकारी जुटाई जाए, उन्हें कानूनी सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए और जल्द सुरक्षित भारत वापस लाने की व्यवस्था की जाए।

यह खबर भी पढ़ें

अंगूठा नहीं लगा तो भी मिलेगा राशन, फेस ई-केवाईसी से होगा सत्यापन; कार्ड में नाम जोड़ने-हटाने की सुविधा ऑनलाइन

✦ SHARE THE NEWS

खबर को आगे बढ़ाएं!

इस खबर को अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें।

↗
COPY NEWS LINK https://harshnews.com/chhattisgarh-youth-trapped-russia-job/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *