छत्तीसगढ़ के 17 नगरीय निकायों में चुनावी सरगर्मी तेज, महापौर टिकट के लिए भाजपा-कांग्रेस में दावेदारी

चार नगर निगमों में पूर्व महापौर, नेताओं के रिश्तेदार और नए चेहरे मैदान में उतरने की तैयारी में; भिलाई-चरौदा में बघेल परिवार से जुड़े नामों को लेकर मुकाबला दिलचस्प

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 17 नगरीय निकायों में चुनाव की तारीखों का ऐलान अभी बाकी है, लेकिन राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस में टिकट के दावेदारों ने अपनी-अपनी राजनीतिक जमावट शुरू कर दी है। चार नगर निगमों में कहीं पूर्व महापौर फिर से मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं, तो कहीं नेताओं की पत्नियां और रिश्तेदार भी टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।

भिलाई-चरौदा में इस बार मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के परिवार से जुड़े नाम कांग्रेस और भाजपा दोनों तरफ से दावेदारी की चर्चा में हैं। ऐसे में चुनावी घोषणा से पहले ही नगरीय निकायों में राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं।

महापौर की कुर्सी के लिए सरगर्मी तेज

प्रदेश के चार नगर निगम भिलाई, बीरगांव, रिसाली और भिलाई-चरौदा के अलावा पांच नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों सहित कुल 17 नगरीय निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। चारों नगर निगमों में महापौर पद के टिकट को लेकर सबसे ज्यादा हलचल है।

भाजपा और कांग्रेस में दावेदारों ने सक्रियता बढ़ा दी है। दोनों प्रमुख दलों के अलावा आम आदमी पार्टी और जोहार छत्तीसगढ़ भी नगरीय निकायों में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नवंबर के आखिरी सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने की संभावना है। इसके बाद संबंधित नगरीय निकायों में आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है। दोनों प्रमुख दलों में प्रत्याशियों की अधिकृत घोषणा दिसंबर के पहले सप्ताह तक होने की संभावना जताई जा रही है।

बीरगांव में पूर्व महापौर की पत्नी सहित कई दावेदार

बीरगांव नगर निगम में कांग्रेस की ओर से निवर्तमान महापौर नंदलाल देवांगन की पत्नी लता देवांगन, लोकेश्वरी साहू और पुष्पलता वैष्णव के नाम प्रमुख दावेदारों में बताए जा रहे हैं।

वहीं, भाजपा में पूर्व महापौर अंबिका यदु, सुनीता वर्मा और पदमा चंद्राकर के नाम टिकट की दौड़ में चर्चा में हैं। दोनों दलों में दावेदारों की सक्रियता बढ़ने से प्रत्याशी चयन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

भिलाई में विधायक से लेकर पूर्व महापौर तक दावेदारी

भिलाई नगर निगम में महापौर पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और भाजपा विधायक रिकेश सेन के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि, देवेंद्र यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह या उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव मैदान में नहीं उतरेगा।

कांग्रेस से पूर्व महापौर नीता लोधी, निवर्तमान महापौर नीरज पाल, जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर और अतुल साहू के नाम दावेदारों में शामिल हैं।

भाजपा से जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, पूर्व जिला अध्यक्ष महेश वर्मा और भोजराज सिन्हा के नाम चर्चा में हैं। टिकट के लिए दोनों दलों में संगठनात्मक स्तर पर दावेदारों की सक्रियता बढ़ रही है।

भिलाई-चरौदा में बघेल परिवार से जुड़े नामों की चर्चा

भिलाई-चरौदा नगर निगम में कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भतीजे सुजीत बघेल की दावेदारी बताई जा रही है। इसके अलावा निवर्तमान सभापति कृष्णा चंद्राकर और मोहन साहू भी टिकट की दौड़ में हैं।

भाजपा से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कृष्णा चंद्राकर और मनीष बंछोर के नाम सामने आ रहे हैं। शशिकांत बघेल सांसद विजय बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी रिश्तेदार बताए जाते हैं। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों से बघेल परिवार से जुड़े नामों की दावेदारी चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिसाली में महिला दावेदारों के बीच मुकाबला

रिसाली नगर निगम में महापौर पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। कांग्रेस से रामेश्वरी गायकवाड़, रिंकी मांडले और हेमिन चतुर्वेदी के नाम दावेदारों में शामिल हैं।

भाजपा से पार्वती कुर्रे, पार्वती ढीढी और चंदेश्वरी बांधे टिकट की दौड़ में बताई जा रही हैं। आरक्षण के अनुरूप दोनों दलों में महिला दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है।

इन 17 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव

नगर निगम

  • बीरगांव
  • भिलाई
  • भिलाई-चरौदा
  • रिसाली

नगरपालिका परिषद

  • जामुल
  • सारंगढ़
  • बैकुंठपुर
  • शिवपुर-चरचा
  • खैरागढ़

नगर पंचायत

  • प्रेमनगर
  • मारो
  • कोंटा
  • नरहरपुर
  • भैरमगढ़
  • भोपालपट्टनम
  • तमनार (नवगठित)
  • बड़ी करेली (नवगठित)

कांग्रेस के कब्जे वाले निगम बचाने की चुनौती, भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर

दुर्ग जिले के भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा सहित बीरगांव नगर निगमों में कांग्रेस का कब्जा रहा है। कांग्रेस के सामने इन निकायों में अपना प्रभाव बनाए रखने की चुनौती है।

2021 में जब नगरीय निकाय चुनाव हुए थे, तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में इन निकायों के चुनाव दोनों प्रमुख दलों के लिए संगठनात्मक ताकत और स्थानीय राजनीतिक प्रभाव दिखाने का मौका होंगे। टिकट वितरण से लेकर चुनावी रणनीति तक, आने वाले दिनों में नगरीय निकायों की राजनीति और तेज होने की संभावना है।

यह खबर भी पढ़ें

रायपुर में ई-बसों का 225 किमी ट्रायल, तंग गलियों से लेकर प्रमुख मार्गों पर दौड़ी सैंपल बस

✦ SHARE THE NEWS

खबर को आगे बढ़ाएं!

इस खबर को अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें।

↗
COPY NEWS LINK https://harshnews.com/chhattisgarh-17-urban-body-election-political-race/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *