खरीदी के लिए समितियों में तैयारियां पूरी, अवैध धान की आवक रोकने 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट और 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल तैनात

रायगढ़। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से होने जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष के तहत जिले के 112 उपार्जन केंद्रों में 84 हजार 103 पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। जिला प्रशासन ने खरीदी को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। समितियों में किसानों की सुविधा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
उपार्जन केंद्रों में पूरी हुई व्यवस्था
धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी समितियों में साफ-सफाई, किसानों के बैठने और पेयजल की व्यवस्था की गई है। खरीदी के लिए आवश्यक बारदाने भी केंद्रों तक पहुंचा दिए गए हैं। इसके साथ ही धान का वजन करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटों और नमी मापने के उपकरणों की व्यवस्था की गई है, ताकि किसानों को खरीदी के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
अवैध धान पर नजर रखेंगे उड़नदस्ता दल
धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध धान की आवक पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं, जो खरीदी केंद्रों और धान की आवक पर नजर रखेंगे।
वहीं अवैध धान के परिवहन को रोकने के लिए 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इन चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी होगी। तीन पालियों में टीमें तैनात रहेंगी, जो वाहनों और धान की जांच करेंगी।
तुंहर टोकन एप से घर बैठे मिलेगा टोकन
किसानों की सुविधा के लिए तुंहर टोकन एप के माध्यम से घर बैठे टोकन लेने की सुविधा दी जाएगी। किसान इस एप पर 24 घंटे टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। अवैध धान की खरीदी और परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply