महादेव घाट पर 15 नवंबर को महाआरती में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बिरगांव के व्यास तालाब से लेकर हीरापुर और सड्डू तक होंगे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन
रायपुर। राजधानी रायपुर में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। चार दिवसीय पर्व के दौरान शहर के 50 से अधिक नदी-तालाबों के किनारे श्रद्धा और आस्था का संगम देखने को मिलेगा। खारुन नदी के महादेव घाट से लेकर हीरापुर के छुईया तालाब, सड्डू तालाब और बिरगांव के व्यास तालाब तक श्रद्धालु सूर्यदेव की उपासना करेंगे। घाटों की सफाई, सजावट और पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
महादेव घाट पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। छठ महापर्व आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। वहीं, बिरगांव के व्यास तालाब में भोजपुरी समाज एवं छठ पूजा समिति की ओर से विशेष आयोजन किया जा रहा है। यहां हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

महादेव घाट पर महाआरती, मुख्यमंत्री साय होंगे शामिल
महादेव घाट पर 15 नवंबर की शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसमें लखनऊ की लोक गायिका गायत्री यादव, लोक गायक मुकुल सिंह और मुंबई की इशरत जहां केडिया छठ गीतों की प्रस्तुति देंगी। छत्तीसगढ़ी कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम नृत्य नाटिका एवं आकर्षक झांकियां प्रस्तुत करेगी। इसी शाम घाट पर महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की संभावना है।

बिरगांव के व्यास तालाब में जुटेंगे हजारों श्रद्धालु
बिरगांव के व्यास तालाब में भोजपुरी समाज एवं छठ पूजा समिति की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यहां संध्या अर्घ्य और अगले दिन सुबह उषा अर्घ्य के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। समिति के अनुसार, इस बार हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
समिति के कोमल रंजय सिंह ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भोजपुरी लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। श्रद्धालुओं के आने-जाने, पूजा-अर्चना और व्रतियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

हीरापुर और सड्डू में भी होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
हीरापुर के छुईया तालाब में उत्तर भारत समाज कल्याण सेवा समिति की ओर से छठ महापर्व का आयोजन किया जाएगा। यहां पटना से कलाकार पहुंचेंगे। वहीं, सड्डू में छठ पूजा समिति की ओर से 15 नवंबर की शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें लल्लू महाराज सहित भोजपुरी कलाकार प्रस्तुति देंगे।
महादेव घाट के अलावा व्यास तालाब, आमा तालाब, मच्छी तालाब और नवा रायपुर के झांझ तालाब सहित शहर के अलग-अलग घाटों पर भी श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे। जिला प्रशासन, नगर निगम और आयोजन समितियों के सदस्य घाटों की सफाई, सजावट और पार्किंग की व्यवस्था में जुटे हैं।

चार दिन का छठ महापर्व, जानिए कब क्या होगा
- 13 नवंबर, शुक्रवार – नहाय-खाय: व्रती स्नान के बाद सात्विक भोजन ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत करते हैं।
- 14 नवंबर, शनिवार – खरना: दिनभर उपवास के बाद शाम को पूजा और प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इसके बाद निर्जला व्रत शुरू होता है।
- 15 नवंबर, रविवार – संध्या अर्घ्य: व्रती घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे।
- 16 नवंबर, सोमवार – उषा अर्घ्य: सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ व्रत का समापन होगा।
सूप, दउरा और ठेकुआ का विशेष महत्व
छठ पूजा में बांस से बने सूप और दउरा का विशेष महत्व होता है। सूप में फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाता है, जबकि दउरा में पूजा सामग्री रखकर घाट तक ले जाई जाती है। गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार ठेकुआ छठ पूजा का पारंपरिक प्रसाद है।
डूबते और उगते सूर्य की उपासना की परंपरा
छठ महापर्व की सबसे खास परंपरा डूबते और उगते, दोनों सूर्य की आराधना करना है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सूर्यदेव जीवन और ऊर्जा के स्रोत हैं। वहीं छठी मइया की पूजा परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना के लिए की जाती है।
इस पर्व में व्रती कठिन उपवास रखते हैं और पूजा के दौरान शुद्धता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हैं। घाटों की सामूहिक सफाई और सामूहिक सहभागिता इस पर्व की प्रमुख विशेषताओं में शामिल हैं। छठ महापर्व सूर्य उपासना के साथ प्रकृति के प्रति आभार और स्वच्छता का संदेश भी देता है।

यह खबर भी पढ़ें
महादेव सट्टा केस में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी
- धरमजयगढ़ में कल राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह, नितिन नवीन होंगे मुख्य अतिथि

- बिलासपुर: बिजली ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर फूटा गुस्सा, तिफरा मुख्य अभियंता कार्यालय में किया प्रदर्शन

- धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह की तैयारियां पूरी, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 900 पुलिस अधिकारी-जवान

- कांकेर में भाजपा को झटका: पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भोपेश नेताम सहित करीब 100 लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन

- छत्तीसगढ़ में 16 से 30 नवंबर तक चलेगा ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान, सभी खाद्य प्रतिष्ठानों का होगा निरीक्षण














Leave a Reply