धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह की तैयारियां पूरी, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 900 पुलिस अधिकारी-जवान

धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह के लिए पुलिस सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां

15 नवंबर को दशहरा मैदान में होगा वृहद आयोजन, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

रायगढ़, 14 नवंबर। धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले वृहद जनजातीय गौरव दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। समारोह में हजारों की संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और कानून-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह को सौंपी गई है।

पिछले एक सप्ताह से प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी धरमजयगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए थे। 13 नवंबर को कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की थी।

जनजातीय गौरव दिवस धरमजयगढ़
जनजातीय गौरव दिवस धरमजयगढ़

रेंज आईजी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

14 नवंबर को पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, बिलासपुर श्री राम गोपाल गर्ग और एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इसके बाद कार्यक्रम में ड्यूटी के लिए तैनात अधिकारियों और जवानों को एक साथ ब्रीफ किया गया।

इस दौरान महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सुरक्षा, आम नागरिकों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अपनी ड्यूटी पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा में तैनात रहेंगे 900 पुलिस अधिकारी-जवान

समारोह की सुरक्षा के लिए कुल 900 पुलिस अधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त वन विभाग और स्थानीय कंपनियों की ओर से उपलब्ध कराए गए सुरक्षा गार्ड भी अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगे।

संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की कमान डीआईजी एवं एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के हाथों में रहेगी। उनके सहयोग के लिए श्री अभिषेक वर्मा, सेनानी 22वीं वाहिनी कांकेर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री अनिल सोनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्य कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। वहीं, आउटर सुरक्षा घेरे में तैनात जवान आसपास की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखेंगे।

10 एडिशनल एसपी और 24 डीएसपी को मिली जिम्मेदारी

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश के मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के आगमन को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। इसके लिए 10 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों और 24 उप पुलिस अधीक्षकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट रखा गया है। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के लिए गिरफ्तारी पार्टी भी गठित की गई है।

यातायात व्यवस्था के लिए 100 जवानों की विशेष टीम

समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, तीन डीएसपी और 100 जवानों की विशेष टीम तैनात की गई है।

कार्यक्रम में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए अलग-अलग कुल 10 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग स्थलों से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए अलग-अलग मार्गों का रूट मैप भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

चार दिशाओं में बनाए गए कट-ऑफ पॉइंट, सुबह 4 बजे से भारी वाहनों पर प्रतिबंध

धरमजयगढ़ में चारों दिशाओं से आने वाले प्रमुख मार्गों पर चार कट-ऑफ पॉइंट बनाए गए हैं। 15 नवंबर को सुबह 4 बजे से निर्धारित पॉइंट पर भारी वाहनों का धरमजयगढ़ में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *