महादेव सट्टा केस में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर दबिश, कई लाइव सट्टा पैनल ध्वस्त; डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। एजेंसी ने छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी कर सट्टेबाजी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। यह छापेमारी महादेव एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारियों के आधार पर की गई। कार्रवाई के दौरान CBI ने कई सट्टेबाजी पैनलों को लाइव संचालित होते पकड़ा और उन्हें ध्वस्त कर दिया।

मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरण जब्त

CBI के आधिकारिक बयान के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में महादेव एप के पैनल ऑपरेटरों के परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम को म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए ठिकाने लगाया जा रहा था। जांच एजेंसी अब जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में खुला नेटवर्क

महादेव एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कराकर CBI ने 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था। पूछताछ के दौरान चंद्राकर ने भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क और उसके काम करने के तरीके से जुड़ी जानकारी दी। जांच में जुटाए गए डिजिटल सबूतों के आधार पर भी उससे पूछताछ की गई।

पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद 12 नवंबर को अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

विदेश से संचालित हो रहा सट्टेबाजी सिंडिकेट

राज्य सरकार से मामला ट्रांसफर होने के बाद CBI ने महादेव सट्टा मामले में दो FIR दर्ज की हैं। जांच में पता चला है कि इस सिंडिकेट का मुख्य कार्यालय विदेश में है, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क काम करता है। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालने से लेकर सट्टेबाजी की रकम जमा कराने तक की जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके लिए दूसरों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता है और बाद में हवाला चैनलों के जरिए रकम विदेश भेजी जाती है।

फरार आरोपितों के प्रत्यर्पण की कोशिश

CBI अब नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों, विदेश में बैठे संचालकों, उनके मददगारों और कथित रूप से संलिप्त लोक सेवकों की भूमिका की जांच कर रही है। एजेंसी फरार आरोपितों रवि उप्पल, शुभम सोनी और विकास छाबरिया सहित अन्य लोगों के प्रत्यर्पण की कोशिश भी कर रही है।

CBI ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी अवैध है। किसी को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान पत्र किराए पर देना भी आपराधिक कृत्य हो सकता है। ऐसा करने पर संबंधित खाताधारक या दस्तावेज धारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

यह खबर भी पढ़ें

 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस का रीगा स्टेशन पर अस्थायी ठहराव, 14 नवंबर से लागू होगी व्यवस्था

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *