रायपुर में बचपन की सहेली ने ही की 1.88 लाख की ठगी, खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और जज बताया

भाई का पारिवारिक विवाद सुलझाने के नाम पर पुलिस अधिकारी और वकील की फीस के बहाने लिए पैसे, रकम लौटाने को कहा तो झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर में दोस्ती और भरोसे का फायदा उठाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवती ने अपनी ही बचपन की सहेली से 1 लाख 88 हजार रुपए ऐंठ लिए। आरोपी ने खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और राजस्थान कैडर की चयनित सिविल जज बताया था। सहेली के भाई का पारिवारिक विवाद सुलझाने के नाम पर कभी पुलिस अधिकारी को पैसे देने तो कभी वरिष्ठ वकील की फीस के बहाने रकम मांगी गई। पीड़िता का आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपी नया आईफोन खरीदकर लाई और उसे दिखाया भी। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। खमतराई पुलिस ने पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की है।

स्कूल की दोस्ती का उठाया फायदा

खमतराई निवासी आरजू शर्मा (24) निजी शिक्षिका हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पूजा सिंह से उनकी पहचान बचपन से थी। दोनों डैजल पब्लिक स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक साथ पढ़ती थीं। बाद में इंस्टाग्राम के जरिए भी उनका संपर्क बना रहा।

शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2025 में पूजा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर काले कोट और बैंड में तस्वीरें पोस्ट की थीं। उसने खुद को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की वकील बताया था। आरजू ने भी उसे कई बार रायपुर कोर्ट में वकीलों और क्लाइंट्स के साथ वकील की पोशाक में देखा था। इसी वजह से उसे पूजा की बातों पर भरोसा हो गया।

भाई का पारिवारिक विवाद सुलझाने का दिया भरोसा

आरजू के भाई आदित्य शर्मा की शादी 3 फरवरी 2026 को मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ की प्राची शर्मा से हुई थी। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। प्राची ने आदित्य, आरजू और उनकी मां के खिलाफ क्रूरता और उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी।

इससे परेशान होकर आरजू ने पूजा से कानूनी मदद मांगी। आरोप है कि पूजा ने छत्तीसगढ़ के बड़े पुलिस अधिकारियों और अपने साथी मजिस्ट्रेटों से पहचान होने की बात कही। उसने अपने संपर्कों के जरिए मामला सुलझाने का भरोसा दिलाया।

खुद को राजस्थान कैडर की सिविल जज बताकर कराई वकील से मुलाकात

सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में पूजा ने आरजू को फोन कर बताया कि वह दिल्ली से रायपुर आ रही है। 13 सितंबर को आरजू ने उसे यात्रा खर्च के लिए ऑनलाइन 5 हजार रुपए भेजे।

रायपुर पहुंचने के बाद पूजा ने दावा किया कि उसका चयन राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर हो गया है और वह फिलहाल ट्रेनिंग पर है। इसलिए नियमों के मुताबिक वह खुद केस नहीं लड़ सकती। उसने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से केस लड़वाने की बात कही। 14 सितंबर को पहाड़ी चौक, गुढ़ियारी के पास उसने आरजू की मुलाकात उनसे कराई।

पुलिस अधिकारी को पैसे देने के नाम पर मांगे 2 लाख

शिकायत के मुताबिक, 16 सितंबर को पूजा ने आरजू को बताया कि मोहला-मानपुर चौकी के पुलिस अधिकारी मनीष से उसकी बात हो गई है। अधिकारी केस खत्म कराने और परिवार के खिलाफ FIR नहीं होने देने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए 2 लाख रुपए देने होंगे। इसके अलावा पूजा ने अपनी और वकील की फीस के नाम पर भी 50 हजार रुपए मांगे।

आरजू ने वकील के गूगल-पे खाते में 15 हजार और पूजा के खाते में 5 हजार रुपए ट्रांसफर किए। पुलिस अधिकारी का बैंक खाता मांगने पर पूजा ने कहा कि अधिकारी नकद पैसे लेंगे। इसके बाद आरजू ने किसी तरह 1.5 लाख रुपए जुटाए और पूजा के घर जाकर दे दिए। वहां मौजूद पूजा के भाई, मां और चाचा ने भी भरोसा दिलाया कि पूजा जज बन गई है और उनका काम जरूर हो जाएगा।

चौकी के बाहर QR कोड भेजकर लिए 18 हजार

इसी रात करीब 10 बजे पूजा, आरजू और उनका भाई मोहला-मानपुर चौकी पहुंचे। पूजा पुलिस अधिकारी से बात करने के नाम पर अंदर चली गई। कुछ देर बाद उसने आरजू को एक QR कोड भेजा और कहा कि प्राची शर्मा और उनके परिचितों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाने के लिए तुरंत 18 हजार रुपए भेजने होंगे।

आरजू ने यह रकम भी ट्रांसफर कर दी। इसके बाद पूजा बाहर आई और कहा कि काम हो गया है। CDR मिलने के बाद केस धारा 155 के तहत खत्म हो जाएगा।

परिचित से मिली जानकारी, तब खुली पोल

कुछ दिन बाद आरजू को पूजा की एक परिचित ने बताया कि उसने कानून की पढ़ाई भी पूरी नहीं की है। इसके बाद आरजू ने अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि पूजा उनसे पैसे वापस ले चुकी है और उनके पास केवल 5 हजार रुपए बचे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पूजा की आईडी और सर्टिफिकेट कभी नहीं देखे।

इस बीच पूजा ने फैमिली कोर्ट में याचिका लगाने के नाम पर 50 हजार रुपए और मांगे। आरजू और उनके भाई को शक हुआ तो उन्होंने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। आरजू ने वकील से भी अपने केस के बारे में पूछा। आरोप है कि उन्होंने बताया कि पूजा उनसे केस नहीं करवा सकती और वह किसी दूसरे वकील से केस लड़वा सकती है।

पैसे से नया आईफोन खरीदने का आरोप

आरजू ने शिकायत में बताया कि 16 सितंबर को पैसे देने के बाद जब वे मोहला-मानपुर चौकी जाने के लिए निकले, तब पूजा नया आईफोन लेकर आई थी। उसने आरजू को बताया कि उसने अभी-अभी नया फोन खरीदा है। पीड़िता को शक है कि आरोपी ने उसकी मेहनत की कमाई से यह फोन खरीदा था।

रकम वापस मांगी तो झूठे केस में फंसाने की धमकी

आरजू के मुताबिक, 3 अक्टूबर को वह पूजा के घर पैसे वापस मांगने पहुंचीं। आरोप है कि वहां पूजा ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि वह सुप्रीम कोर्ट की वकील और सिविल जज है। अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उनके खिलाफ ही झूठी FIR दर्ज करा सकती है।

इसके बाद आरजू ने 4 अक्टूबर को खमतराई थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने 12 नवंबर को पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत FIR दर्ज की है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर मनीष बाजपेयी कर रहे हैं।

यह खबर भी पढ़ें

रायपुर में छठ महापर्व की धूम, 50 से ज्यादा घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *