आधार कार्ड में छेड़छाड़ और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र से छिपाई गई उम्र, पुलिस ने POCSO और IT एक्ट की धाराएं जोड़ीं
रायपुर। राजधानी रायपुर के निजी अस्पताल के जरिए नवजात बच्चों की कथित खरीद-बिक्री के मामले में जांच के दौरान एक और गंभीर खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, ओडिशा के सुंदरगढ़ की 15 वर्षीय किशोरी को दस्तावेजों में 21 साल का दिखाकर गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल में उसकी डिलीवरी कराई गई थी। इसके लिए आधार कार्ड में कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी तैयार कराया गया। ओडिशा में स्कूल के रिकॉर्ड की जांच के बाद किशोरी की वास्तविक उम्र सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले में POCSO और IT एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
आधार कार्ड में उम्र बदलकर तैयार किए गए दस्तावेज
पुलिस के अनुसार, किशोरी की उम्र को लेकर संदेह होने पर जांच टीम ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंची। वहां स्कूल के रिकॉर्ड में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर उसकी वास्तविक उम्र की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि दस्तावेजों में उसे बालिग दिखाने के लिए आधार कार्ड में बदलाव किया गया था और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी तैयार कराया गया था।
पुलिस का कहना है कि किशोरी को उसकी उम्र और कानूनी स्थिति को लेकर भ्रमित किया गया था। मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कानूनी धाराएं बढ़ाई गई हैं।
IVF सेंटर की नर्स पर मुख्य भूमिका निभाने का आरोप
जांच के लिए गठित एसआईटी के मुताबिक, IVF सेंटर में काम करने वाली नर्स कृतिका साहू ने इस मामले में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, कृतिका के घर काम करने वाली महिला ने उसे किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी दी थी। वह महिला ओडिशा में किशोरी के ही गांव की रहने वाली है।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी और उसके पति को गंभीर कानूनी कार्रवाई और जेल जाने का डर दिखाया गया। इसके बाद उसे रायपुर बुलाया गया और दस्तावेजों में कथित तौर पर बदलाव कराए गए।
जांच में यह भी सामने आया है कि कृतिका साहू IVF सेंटर में आने वाले लोगों की जानकारी और संपर्क संबंधी विवरण गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाती थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह बच्चा गोद लेने के इच्छुक लोगों को किस तरह गिरोह के संपर्क में लाती थी।

सड़क पर विवाद के बाद सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को नवजात की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों के बीच पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई और मामला सामने आया। आरोपितों को आजाद चौक थाने लाया गया। वहां किशोरी भी पहुंची और उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
जांच में पता चला कि किशोरी को ओडिशा से रायपुर लाकर डिलीवरी कराई गई थी। पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर को प्रसव के बाद मां और नवजात को गोगांव स्थित अहिल्या नामदेव के घर में रखा गया था। इसके बाद बच्चे की कथित खरीद-बिक्री की कोशिश की जा रही थी।
अब तक सात आरोपित गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस अब तक सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें अस्पताल संचालक डॉ. खीर सिंधु महानंद, नर्स कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव, गीतिका नाग, प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा और जितेंद्र खेतान शामिल हैं।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य दलालों, संभावित खरीदार परिवारों, IVF सेंटर और अस्पतालों की भूमिका की जांच कर रही है। इसके लिए अलग-अलग राज्यों में भी जांच की जा रही है।
IVF सेंटर की भूमिका की भी जांच
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि IVF सेंटर में आने वाले लोगों की जानकारी किस तरह गिरोह तक पहुंचाई जाती थी और नवजात बच्चों की कथित खरीद-बिक्री के लिए संपर्क कैसे स्थापित किए जाते थे।
मामले में नाबालिग की वास्तविक उम्र सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस दस्तावेजों में कथित छेड़छाड़ और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
यह खबर भी पढ़ें
रायपुर के एप्पल स्टोर में 2 करोड़ की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार
- जशपुर के चार गांवों में फादर-पास्टर के प्रवेश पर रोक के बोर्ड, ईसाई आदिवासी महासभा ने कलेक्टर-एसएसपी से की शिकायत

- 13 दिन की नवजात बच्ची को लेकर आमरण अनशन पर बैठीं भाजपा पार्षद, नेशनल हाईवे-30 किनारे सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप

- छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर 27 नवंबर से मनेगा ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’, स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं

- चार साल के मासूम की छड़ी से पिटाई का आरोप, पीठ पर उभरे पांच लाल निशान; स्कूल प्रबंधन पर धमकाने का भी आरोप

- सस्ते सोलर पैनल देने के नाम पर कारोबारी से 1.28 करोड़ की ठगी, कानपुर का 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार













Leave a Reply