पेंड्रावन जलाशय में खनन की अनुमति पर गरमाई सियासत, भूपेश बघेल ने उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने 1722 एकड़ में चूना पत्थर खनन की अनुमति निरस्त करने की मांग की, 40 से अधिक गांवों में जलसंकट की जताई आशंका

रायपुर। 117 साल पुराने पेंड्रावन जलाशय के कैचमेंट क्षेत्र में चूना पत्थर खनन की अनुमति को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर विभागीय अधिकारियों, डेम सेफ्टी बोर्ड की आपत्तियों और किसानों के विरोध को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सरकार ने एक सीमेंट कंपनी को 1722 एकड़ क्षेत्र में खनन की अनुमति दी है, जिससे जलाशय के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो सकता है।

बघेल ने आशंका जताई कि खनन के कारण आसपास के 40 से अधिक गांवों में भविष्य में जलसंकट की स्थिति बन सकती है। उन्होंने राज्य सरकार से एनओसी और पूरी खनन परियोजना को तत्काल निरस्त करने की मांग की। वे बुधवार को सिविल लाइंस स्थित अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।

सिंचाई और भूजल रिचार्ज का प्रमुख स्रोत है जलाशय

भूपेश बघेल ने कहा कि बंगोली स्थित पेंड्रावन जलाशय क्षेत्र में सिंचाई, मछली पालन, निस्तारी और भूजल रिचार्ज का प्रमुख स्रोत है। इससे हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को पानी मिलता है। उन्होंने कहा कि खरोरा और तिल्दा क्षेत्र में पहले से ही भूजल की उपलब्धता कम है। ऐसे में जलाशय के कैचमेंट क्षेत्र में खनन की अनुमति देना पूरे इलाके के लिए नुकसानदेह हो सकता है।

उन्होंने उच्च न्यायालय के 25 अप्रैल 2024 के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि कोर्ट ने एनओसी पर पुनर्विचार के लिए उच्चस्तरीय तकनीकी समिति गठित करने का निर्देश दिया था, लेकिन दोबारा अनुमति देना अनिवार्य नहीं किया था। इसके बावजूद जल संसाधन विभाग ने 23 जुलाई 2025 को अन्वेषण और 10 अगस्त 2026 को खनन की अनुमति जारी कर दी।

डेम सेफ्टी बोर्ड की रिपोर्ट का दिया हवाला

बघेल ने डेम सेफ्टी बोर्ड की 4 मई 2025 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि बोर्ड ने खनन से जलाशय का अस्तित्व समाप्त होने की आशंका जताई थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में भी विभागीय अधिकारियों ने सीपेज और ब्लास्टिंग से बांध को नुकसान पहुंचने की चेतावनी दी थी। किसानों के आंदोलन के बाद तत्कालीन सरकार ने उस समय एनओसी निरस्त कर दी थी।

किसान संघर्ष समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी

पेंड्रावन जलाशय बचाव किसान संघर्ष समिति के संरक्षक आलोक शुक्ला ने आरोप लगाया कि खनन से जलाशय का कैचमेंट क्षेत्र 25 वर्ग किलोमीटर से घटकर आठ वर्ग किलोमीटर रह जाएगा। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि एनओसी और खनन लीज निरस्त नहीं की गई, तो बड़े स्तर पर किसान आंदोलन किया जाएगा।

यह खबर भी पढ़ें

छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों का बढ़ेगा दायरा, आसपास के गांव होंगे शहर में शामिल

✦ SHARE THE NEWS

खबर को आगे बढ़ाएं!

इस खबर को अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें।

↗
COPY NEWS LINK https://harshnews.com/pendrawan-reservoir-mining-controversy/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *