महाष्टमी पर रायगढ़ के दुर्गा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अनूठी थीम बनी आकर्षण

Maa Tarini Temple, Devgaon
रायगढ़। शारदीय नवरात्रि में रायगढ़ शहर मां जगदंबे की भक्ति में सराबोर है। सप्तमी से शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं विराजमान होने के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। रविवार को महाष्टमी के अवसर पर शहर के चौक-चौराहों और मोहल्लों में बने पंडालों में भक्तों का तांता लगा रहा। कहीं भगवान जगन्नाथ के चक्रनयन की थीम आकर्षित कर रही है, तो कहीं मयूर महल और मंदिरनुमा भव्य संरचनाएं लोगों का ध्यान खींच रही हैं। वहीं, कुछ समितियों ने पंडालों के जरिए सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया है।

शहर के चौक-चौराहों पर दुर्गोत्सव की धूम

  रायगढ़ में नवरात्रि के दौरान दुर्गोत्सव की रौनक देखते ही बन रही है। सुबह से देर रात तक श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। पंडालों में गूंजते भक्ति गीतों और माता के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। जीरो पॉइंट, सत्तीगुड़ी चौक, कोतरा रोड, थाना चौक, दरोगापारा, स्टेशन चौक, स्टेशन रोड काली मंदिर, गुजरातीपारा, गांधीगंज, हंडी चौक, गद्दी चौक, गांजा चौक, गौशालापारा, केवड़ाबाड़ी, रामभांठा, गौरीशंकर मंदिर चौक और ढिमरापुर चौक सहित अनेक स्थानों पर आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं। इसी तरह संजीवनी परिसर, चक्रधर नगर चौक, दक्षिण चक्रधर नगर, अतरमुड़ा, जूटमिल, कोष्टापारा, सहस्त्रबाहु चौक और बोईरदादर में भी दुर्गोत्सव की रौनक देखने को मिल रही है।

भगवान जगन्नाथ के चक्रनयन से मयूर महल तक की थीम

इस वर्ष शहर के कई दुर्गा पंडाल अपनी अनूठी थीम और कलात्मक सजावट के कारण खास आकर्षण बने हुए हैं। चक्रधर नगर दुर्गा उत्सव समिति ने भगवान श्री जगन्नाथ के चक्रनयन की थीम पर पंडाल को भव्य स्वरूप दिया है। वहीं, गांधीगंज स्थित मित्र कला मंदिर समिति ने गांधीगंज की महारानी को विशाल और कलात्मक मयूर महल में विराजमान किया है। दक्षिण चक्रधर नगर के अतरमुड़ा स्थित अंबेडकर चौक में पंडाल को पुरी धाम की तर्ज पर सजाया गया है। दूसरी ओर, कोतरा रोड स्थित नवप्रभात दुर्गा पूजन समिति का मंदिरनुमा भव्य पंडाल भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। इन पंडालों में माता के दर्शन के साथ आकर्षक सजावट देखने के लिए भी लोग पहुंच रहे हैं।

60 फीट ऊंचा डाकघर थीम का पंडाल बना चर्चा का विषय

रामनिवास टॉकीज चौक स्थित संजीवनी परिसर में युवक संघ ने इस वर्ष डाकघर के पारंपरिक लाल लेटर बॉक्स की थीम पर करीब 60 फीट ऊंचा विशाल पंडाल तैयार किया है। अपनी अनूठी कल्पना और विशाल संरचना के चलते यह पंडाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, हंडी चौक में ग्रामीण झोपड़ी की थीम पर पंडाल तैयार किया गया है। इसके माध्यम से ‘बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया जा रहा है। इस तरह दुर्गोत्सव समितियां धार्मिक परंपराओं को निभाने के साथ अपनी रचनात्मकता के जरिए सामाजिक जागरूकता को भी बढ़ावा दे रही हैं।

महाष्टमी पर बढ़ा उत्साह, पंडालों में देर रात तक दर्शन

नवरात्रि के अंतिम दिनों में शहर के दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल और बढ़ गई है। आकर्षक विद्युत सजावट, भव्य प्रवेश द्वार, कलात्मक संरचनाएं और माता के भक्ति गीत दुर्गोत्सव की रौनक बढ़ा रहे हैं। महाष्टमी पर उमड़ी भीड़ ने उत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया। श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं, वहीं शहर के अलग-अलग पंडालों की अनूठी थीम और सजावट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

Top Search

Advertisement Carousel