भव्य पंडालों में विराजीं माता रानी
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर रायगढ़ शहर में दुर्गोत्सव की धूम मची हुई है। सप्तमी तिथि से शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ गई है। दुर्गोत्सव समितियों ने माता रानी के स्वागत के लिए आकर्षक पंडाल तैयार किए हैं। पंडालों की सजावट और प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। धार्मिक आस्था के बीच पूरा माहौल भक्तिमय नजर आ रहा है।रंग-बिरंगी LED लाइटिंग बनी आकर्षण का केंद्र
इस बार दुर्गोत्सव में पंडालों के साथ-साथ विद्युत सज्जा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। शहर के चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से आकर्षक सजावट की गई है। कहीं रोशनी से सजे प्रवेश द्वार लोगों का ध्यान खींच रहे हैं, तो कहीं जगमगाते पंडालों की सुंदरता देखते ही बन रही है। शाम ढलते ही शहर के विभिन्न हिस्से रोशनी से नहा उठते हैं। आकर्षक विद्युत सज्जा के कारण दुर्गा पंडालों का नजारा और भी मनमोहक हो गया है। लोग माता रानी के दर्शन के साथ इस सजावट को देखने के लिए भी पहुंच रहे हैं।
