हरियाली की रक्षक मानी जाती हैं मां वन देवी
रायगढ़ से बोईरदादर और इंदिरा विहार होते हुए संबलपुरी गांव पहुंचने से ठीक पहले सड़क किनारे मां वन देवी का छोटा-सा मंदिर स्थित है। स्थानीय लोगों के बीच मान्यता है कि मां वन देवी इस अंचल की हरियाली और प्राकृतिक संपदा की रक्षा करती हैं। पहले मंदिर का स्वरूप काफी छोटा था, लेकिन समय के साथ यहां धार्मिक गतिविधियां बढ़ीं और मंदिर को भी भव्य स्वरूप मिलने लगा।
नवरात्रि के दौरान यहां मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाते हैं। पूरे नौ दिनों तक भक्त माता की आराधना में लीन रहते हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सच्चे मन से मां वन देवी की पूजा करने से उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और आसपास के गांवों पर माता की कृपा बनी रहती है।
