धरमजयगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया खरीदी का शुभारंभ, सत्यापित रकबे के आधार पर किसानों को मिलेंगे 13,839 रुपये प्रति एकड़

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने धरमजयगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की मौजूदगी में धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए स्पष्ट किया कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी।
21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पूरी सहायता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण कई किसान प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाते। ऐसे पात्र किसानों को राहत देने के लिए सरकार ने निर्णय लिया है कि उन्हें कम मात्रा में धान बेचने के बावजूद कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी निर्धारित सहायता राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल के बजाय केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे शेष 6 क्विंटल के बराबर आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यानी किसानों को उनके सत्यापित रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की पूरी निर्धारित सहायता राशि मिलेगी।
3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी
राज्य सरकार इस खरीफ विपणन वर्ष में किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराना और धान खरीदी व्यवस्था को सुविधाजनक बनाना है।
प्रदेश में बनाए गए 3100 धान उपार्जन केंद्र
प्रदेशभर में करीब 27 लाख 50 हजार पंजीकृत किसानों से धान खरीदी के लिए 3,100 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों की संख्या बढ़ाने का उद्देश्य किसानों को उनके गांव और क्षेत्र के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा देना है। इससे खरीदी प्रक्रिया आसान होने के साथ किसानों को परिवहन और अन्य परेशानियों से भी राहत मिलने की उम्मीद है।













Leave a Reply