रायपुर, भिलाई, बिलासपुर और रायगढ़ समेत 10 नगर निगमों से मांगा गया गांवों और आबादी का ब्योरा, शहरीकरण प्रीमियम के तहत केंद्र से मिलेगा अनुदान
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों का दायरा बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। शहरों से सटे गांवों को नगरीय सीमा में शामिल कर उन्हें शहर का दर्जा दिया जा सकता है। इसके लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर और रिसाली नगर निगमों से आसपास की ग्राम पंचायतों और वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार उनकी आबादी का ब्योरा मांगा है।
इस पहल के तहत गांवों को नगरीय सीमा में शामिल करने पर केंद्र सरकार से प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये का अनुदान मिल सकेगा। 16वें वित्त आयोग ने वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच साल के लिए शहरीकरण प्रीमियम घटक में 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह राशि नए शामिल क्षेत्रों की वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर आबादी के अनुपात में दी जाएगी।
16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार होगा चयन
आयोग के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, यह अनुदान ऐसे बड़े नगरीय निकायों के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए है, जिनकी आबादी कम से कम एक लाख है। इसके लिए राज्य सरकार को ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी क्षेत्र में बदलने के लिए स्पष्ट और समयबद्ध नीति बनानी होगी।
इस नीति में पात्र गांवों की पहचान, विलय की प्रक्रिया और चरणबद्ध बदलाव का खाका तैयार करना होगा। पात्र बस्तियों की पहचान हर जनगणना के बाद और अधिकतम तीन साल के अंतराल पर की जा सकेगी।
गांवों को नगर निगम की सीमा में शामिल करने से पहले उनकी वित्तीय स्थिति, कर्मचारियों, नागरिक सेवाओं और बुनियादी ढांचे पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन भी करना होगा। इसके साथ ही संपत्तिकर और उपयोगकर्ता शुल्क जैसे करों को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की योजना बनानी होगी।

नीति और विलय की अधिसूचना के बाद मिलेगा अनुदान
राज्य सरकार को सबसे पहले ग्रामीण से शहरी क्षेत्र में बदलाव की नीति तैयार करनी होगी। इसके बाद गांवों के विलय की अधिसूचना जारी कर केंद्र सरकार को अनुदान के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
अनुदान की राशि का उपयोग नए शामिल क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए किया जा सकेगा। इसका इस्तेमाल वेतन और स्थापना संबंधी खर्चों पर नहीं किया जा सकेगा। अधिकारियों के अनुसार, गांवों को शहर में शामिल करने के साथ वहां शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित नगरीय निकायों की होगी।
योजना की निगरानी के लिए छह सदस्यीय समिति गठित
राज्य सरकार ने योजना के क्रियान्वयन के लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया है। अपर संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। मुख्य अभियंता, संयुक्त संचालक और राज्य शहरी विकास अभिकरण के अधीक्षण अभियंता सदस्य होंगे। उप संचालक (विविध शाखा) सदस्य और कार्यपालन अभियंता सदस्य सचिव होंगे।
समिति गांवों और नगरीय निकायों के चयन से लेकर योजना लागू करने तथा केंद्र सरकार से अनुदान प्राप्त करने तक की प्रक्रिया की निगरानी करेगी।
शहरीकरण प्रीमियम से क्या होंगे फायदे?
गांवों के नगरीय सीमा में शामिल होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में योजनाबद्ध शहरी विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे अव्यवस्थित शहरी विस्तार पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।

- पेयजल और सफाई: नल से साफ पानी, आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की दिशा में काम होगा।
- बुनियादी सुविधाएं: स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा सकेगा।
- सार्वजनिक परिवहन: नगरीय निकायों में शामिल होने से सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा।
- रोजगार के अवसर: उद्योगों, सेवा क्षेत्रों और स्टार्टअप को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।
- बेहतर सुविधाएं: स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक संस्थानों और डिजिटल कनेक्टिविटी तक पहुंच आसान हो सकती है।
- भू-उपयोग में सुधार: शहरी भू-उपयोग नियमों के तहत विकास और संपत्तियों के आर्थिक मूल्य में बदलाव की संभावना रहेगी।
यह खबर भी पढ़ें
राज्य ओपन स्कूल परीक्षा 2027 के लिए आवेदन 1 दिसंबर से, 15 जनवरी तक सामान्य शुल्क में मौका
- 13 दिन की नवजात बच्ची को लेकर आमरण अनशन पर बैठीं भाजपा पार्षद, नेशनल हाईवे-30 किनारे सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप

- छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर 27 नवंबर से मनेगा ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’, स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं

- चार साल के मासूम की छड़ी से पिटाई का आरोप, पीठ पर उभरे पांच लाल निशान; स्कूल प्रबंधन पर धमकाने का भी आरोप

- सस्ते सोलर पैनल देने के नाम पर कारोबारी से 1.28 करोड़ की ठगी, कानपुर का 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

- देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई पूरी, हाई कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित













Leave a Reply