कोतवाली पुलिस ने रामकुमार मेहता को दबोचा, लूटा गया iPhone 12 और वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त
घटना के बाद लगातार बदल रहा था ठिकाना, सिम कार्ड निकालकर गिरफ्तारी से बचने की कर रहा था कोशिश; एक अन्य आरोपी अब भी फरार
रायगढ़।
केलो डेम के पास युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी रामकुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसने अपना और लूटे गए मोबाइल का सिम कार्ड भी निकाल दिया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया iPhone 12 तथा वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
11 अक्टूबर की शाम केलो डेम के पास हुई थी लूटपाट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सानू सारथी, पिता सोहन सारथी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ ने 12 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रार्थी ने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों वापस लौटने के लिए निकले, तभी 3-4 अज्ञात युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने महिला मित्र के साथ वहां घूमने को लेकर सवाल करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की जेब में रखे 1,500 रुपये, उसका iPhone 12 Mini मोबाइल और महिला मित्र का मोटोरोला कंपनी का मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी भी फेंककर फरार हो गए।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 597/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 309(4) और 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने तेज की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने सीएसपी श्री राहुल उईके और कोतवाली पुलिस को आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसके बाद थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने एएसआई कोसो सिंह जगत और पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रार्थी, पीड़ित और गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों के हुलिए की जानकारी जुटाई तथा संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोहेल अंसारी, पिता मोहम्मद खुर्शीद अंसारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़ तथा रणवीर कुमार, पिता मिथलेस भगत, उम्र 22 वर्ष, निवासी चेहराकला, थाना महुवा, जिला वैशाली, बिहार, हाल मुकाम उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद प्रार्थी से कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष आरोपियों की पहचान संबंधी कार्रवाई कराई गई।
लगातार ठिकाने बदल रहा था फरार आरोपी
मामले में शामिल तीसरे आरोपी रामकुमार मेहता की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसने अपना और लूटे गए मोबाइल का सिम कार्ड भी निकाल दिया था, ताकि पुलिस उस तक न पहुंच सके।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कुरमापाली, थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामकुमार मेहता, पिता रामचन्दर मेहता, उम्र 24 वर्ष, निवासी उधमपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल, बिहार, हाल मुकाम कुरमापाली, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी की पहचान संबंधी कार्रवाई प्रार्थी सानू सारथी से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई।
लूटा गया iPhone और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी रामकुमार मेहता ने अपने साथियों सोहेल अंसारी, रणवीर कुमार भगत और एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से पीड़ित युवक का लूटा गया iPhone 12 तथा अपराध में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AX 1602 जब्त की गई है।
आरोपी ने बताया कि पीड़ित युवती से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल उसके फरार साथी के पास है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश करने के साथ लूटे गए दूसरे मोबाइल की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर, एक फरार की तलाश जारी
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद रामकुमार मेहता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज चुकी है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा और मुरली मनोहर पटेल की अहम भूमिका रही।