पुलिस स्मृति दिवस पर रायगढ़ पुलिस ने अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, 154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का हुआ वाचन

raigarh-police

राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर किया नमन, शहीद परिवारों को किया गया सम्मानित

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने शहीद परिवारों से की आत्मीय चर्चा, उनकी समस्याओं और सुझावों के शीघ्र निराकरण का दिया आश्वासन

रायगढ़।

देश की सुरक्षा और नागरिकों की सेवा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में बुधवार, 21 अक्टूबर को रायगढ़ में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रक्षित केंद्र उर्दना स्थित शहीद परेड ग्राउंड में गरिमामय शहीद परेड एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अमर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ उनके परिजनों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। वहीं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष श्री सलीम निहारिया, रायगढ़ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बब्बन पठारे, वार्ड पार्षद श्री आनंद भगत सहित शहीद परिवारों के सदस्य भी शामिल हुए।

शहीद परेड में 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में शहीद परेड की कार्यवाही प्रारंभ हुई। इस दौरान 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देश के विभिन्न राज्यों में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले विभिन्न रैंक के 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया। शहीद परेड में दो प्लाटून शामिल रहीं। इनमें छठवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की एक प्लाटून तथा जिला पुलिस बल रायगढ़ और जिला पुलिस बल सारंगढ़ की संयुक्त प्लाटून सम्मिलित थी। प्रशिक्षु सूबेदार श्री उदय चंद कोसले ने प्लाटून कमांडर की जिम्मेदारी निभाई। परेड कमांडर के निर्देश पर शोक शस्त्र की कार्यवाही संपन्न हुई। इस दौरान उपस्थित पुलिस जवानों ने शीश झुकाकर अमर शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

शहीद परिवारों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शहीद परिवारों के सदस्यों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, जवानों और शहीद परिवारों के सदस्यों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परेड निष्क्रमण की कार्यवाही के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन में शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता व्यक्त की गई।

शहीद परिवारों के भविष्य और कल्याण पर दिया जोर

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने के साथ उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं का भी ध्यान रखा जाएगा। शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ निरंतर प्रयास करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

एसएसपी ने शहीद परिवारों से की आत्मीय चर्चा

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीदों के बलिदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके परिवारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी दिन है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जिले के शहीद परिवारों को आमंत्रित कर उनसे सम्मानपूर्वक आत्मीय चर्चा की गई। इस दौरान परिवारों से उनकी समस्याएं और सुझाव प्राप्त किए गए। उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन भी दिया गया। एसएसपी ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस आमजन की सेवा, सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में शहीद परिवारों के आवागमन और स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। साथ ही सभी परिवारों को सम्मानपूर्वक उनके निवास स्थान तक पहुंचाया गया।

पुलिस अधिकारी और कर्मचारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, सीएसपी श्री राहुल उइके, श्री उत्तम प्रताप सिंह, श्री सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक श्री अमित सिंह, प्रभारी जिविशा निरीक्षक किशोर कुमार केरकेट्टा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक श्री अमित तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवारजन उपस्थित रहे। पुलिस स्मृति दिवस का यह आयोजन देश की सुरक्षा और आमजन की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ उनके परिवारों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी निभाने का संदेश दे गया।

Top Search

Advertisement Carousel