बंजारी माई धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 12 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाभंडारे का प्रसाद

WhatsApp Video 2026-10-21 at 11.57.48 AM (1).mp4_snapshot_00.00.646

दुर्गा नवमी पर पांच हवन कुंडों में सामूहिक हवन, नवकन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन; 3400 मनोकामना ज्योति कलश से जगमगाया धाम

[caption id="attachment_3023" align="alignleft" width="300"]बंजारी माई धाम में 12 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाभंडारे का प्रसाद बंजारी माई धाम में 12 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाभंडारे का प्रसाद[/caption] रायगढ़। जिले के प्रसिद्ध सर्वशक्तिपीठ श्री बंजारी माई धाम तराईमाल में शारदीय नवरात्र के समापन अवसर पर दुर्गा नवमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सामूहिक हवन-पूजन, नवकन्या पूजन, कन्या भोज और विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही माता के दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। आयोजन के दौरान करीब 12 हजार भक्तों ने माता के दरबार में मत्था टेका और महाभंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

पांच हवन कुंडों में सामूहिक हवन-पूजन

मां बंजारी धाम में 72वें मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलन के साथ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। दुर्गा नवमी के अवसर पर पांच हवन कुंडों में सामूहिक हवन संपन्न हुआ। इसमें सैकड़ों महिलाओं, श्रद्धालुओं और भक्तों ने भाग लेकर आहुतियां अर्पित कीं। नवरात्र पर्व के दौरान धाम के तीन विशाल दीप गृहों में कुल 3400 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए थे। इन ज्योति कलशों को प्रज्वलित कराने वाले श्रद्धालुओं के नाम प्रदर्शन बोर्ड पर अंकित किए गए, जिससे भक्तों की आस्था और मनोकामनाओं का विशेष महत्व देखने को मिला।

नवकन्या पूजन के बाद शुरू हुआ महाभंडारा

दुर्गा नवमी पर नवकन्याओं की विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें भोजन कराया गया। इसके बाद ब्राह्मण भोज और विशाल महाभंडारे का आयोजन हुआ। दोपहर 12 बजे शुरू हुआ महाभंडारा देर रात तक चलता रहा। इस दौरान करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। माता के दर्शन के साथ भंडारे में शामिल होने के लिए दूर-दराज से भी भक्त पहुंचे। पूरे दिन धाम में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए विशेष इंतजाम

मां बंजारी समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, पेयजल, पूजा-अर्चना, ज्योति कलश प्रज्वलन, प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने के बावजूद आयोजन को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।

धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सौंदर्य भी बना आकर्षण

मां बंजारी धाम में सर्व देवी-देवताओं के दर्शन के साथ भारत के मानचित्र की आकृति वाले जलाशय में रंग-बिरंगी मछलियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं, बाल उद्यान में लगे झूलों और केलो नदी से लगे वनांचल के मनोरम प्राकृतिक दृश्यों ने भी लोगों का मन मोह लिया। धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और भक्तिमय वातावरण से परिपूर्ण बंजारी माई धाम में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की विशेष चहल-पहल रही। दुर्गा नवमी पर आयोजित हवन-पूजन और महाभंडारे के साथ शारदीय नवरात्र का समापन श्रद्धा और उत्साह के बीच हुआ।

Top Search

Advertisement Carousel