नाव में सवार होकर जलमग्न गांवों तक पहुंचे, ग्रामीणों से मिलकर जानी समस्याएं
रायगढ़। महानदी में बढ़े जलस्तर से बने बाढ़ के हालात के बीच प्रदेश के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने सोमवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने राहत शिविरों का निरीक्षण करने के साथ जलमग्न गांवों में नाव से पहुंचकर ग्रामीणों का हाल जाना। इस दौरान प्रभावित परिवारों ने बाढ़ से हुई परेशानियों और आवास की जरूरतों से उन्हें अवगत कराया। वित्त मंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने तथा प्रभावित लोगों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
महानदी में बढ़े जलस्तर और बाढ़ की स्थिति के बीच प्रदेश के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने सोमवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के महानदी तटवर्ती सरिया तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। वित्त मंत्री ने सबसे पहले सरिया स्थित कन्या शाला में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में रह रहे प्रभावित ग्रामीणों से चर्चा कर उनके रहने, भोजन, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बाढ़ के कारण सामने आ रही परेशानियों के साथ आवास की जरूरत भी उनके सामने रखी। इस पर वित्त मंत्री ने अधिकारियों को राहत शिविर में पर्याप्त भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए समुचित रहने की व्यवस्था करने के साथ आवास से जुड़ी जरूरतों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। राहत शिविर में मौजूद लोगों से चर्चा करते हुए उन्होंने उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। इसके बाद वित्त मंत्री ग्राम बोरिदा पहुंचे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया। यहां से वे राहत और बचाव दल के साथ नाव में सवार होकर जलमग्न ग्राम ठेंगागुड़ी पहुंचे। जलभराव के बीच गांव में पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और गांव की स्थिति, लोगों की सुरक्षा तथा राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान राहत एवं बचाव दल की टीमें भी उनके साथ मौजूद रहीं। इसके बाद उन्होंने ग्राम तोरा पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और बाढ़ और जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से चर्चा के दौरान उन्होंने उनकी परेशानियों और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
दौरे के दौरान वित्त मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। राहत शिविरों अथवा सुरक्षित स्थानों पर रखे गए लोगों को दैनिक जीवन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य जांच, पेयजल, भोजन और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित परिवारों की आवास संबंधी जरूरतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल करने को कहा।
