छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए दो ऑनलाइन कोर्स अनिवार्य
छत्तीसगढ़ में सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर दो ऑनलाइन कोर्स करना अनिवार्य किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों को निर्देश जारी कर 31 अक्टूबर 2026 तक दोनों कोर्स पूरे कराने को कहा है। मिशन कर्मयोगी के तहत निर्धारित इन कोर्स का उद्देश्य कर्मचारियों को कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन, मानसिक संतुलन और कार्यक्षमता में सुधार के लिए प्रशिक्षित करना है।
तनाव प्रबंधन और योग निद्रा पर आधारित हैं कोर्स
शासन के निर्देश के अनुसार, सरकारी कर्मचारियों को iGOT पोर्टल पर उपलब्ध निम्नलिखित दो कोर्स पूरे करने होंगे।- कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन (Stress Management at Workplace)
- स्ट्रेस मैनेजमेंट थ्रू मेडिटेशन एंड योग निद्रा (Stress Management Through Meditation and Yoga Nidra)
3 नवंबर तक शासन को देनी होगी रिपोर्ट
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर दोनों कोर्स पूरे करवाएं। विभागों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी कर्मचारी का प्रशिक्षण लंबित न रहे। कोर्स पूरा होने के बाद सभी संबंधित विभागों को 3 नवंबर 2026 तक इसकी जानकारी शासन को उपलब्ध करानी होगी। निर्धारित समयसीमा में प्रशिक्षण पूरा कराने और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
