छत्तीसगढ़ में 1.90 करोड़ मतदाता पंजीकृत, प्रारूप मतदाता सूची जारी; 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति का मौका

प्रदेश में पुरुषों से ज्यादा महिला मतदाता, मतदान केंद्रों की संख्या 27,196 से घटकर 26,854 हुई; अंतिम सूची 4 जनवरी 2027 को होगी प्रकाशित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 94.84 लाख पुरुष, 95.31 लाख महिला और 412 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रारूप सूची जारी होने के साथ ही मतदाताओं को अपने नाम और विवरण की जांच करने का अवसर मिल गया है।

वोटर हेल्पलाइन एप और वेबसाइट पर देख सकेंगे नाम

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जारी प्रारूप मतदाता सूची प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप, ECINET एप और निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.voters.eci.gov.in पर भी अपना नाम देख सकते हैं।

मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क करके या टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल करके भी मतदाता सूची में दर्ज जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण जांचने की अपील की है, ताकि किसी भी तरह की त्रुटि को निर्धारित समय में सुधारा जा सके।

प्रदेश में 342 मतदान केंद्र हुए कम

मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या में कमी आई है। पहले जहां प्रदेश में 27,196 मतदान केंद्र थे, वहीं अब इनकी संख्या घटकर 26,854 रह गई है। इस तरह कुल 342 मतदान केंद्र कम हुए हैं।

नई व्यवस्था के तहत प्रदेश में 5,876 शहरी और 20,978 ग्रामीण मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों की संशोधित सूची भी जारी कर दी है।

11 दिसंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति

प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होने, नाम या पते में गलती होने अथवा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल होने की स्थिति में मतदाता 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग फार्म निर्धारित किए हैं।

  • फार्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।
  • फार्म-7: मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए।
  • फार्म-8: नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन और स्थानांतरण के लिए।

निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने पर संबंधित जानकारी की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

2027 में 18 साल के होने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन

मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए युवाओं को भी अवसर दिया गया है। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फार्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। इसके साथ ही एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे।

इस व्यवस्था का उद्देश्य नए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करना है, ताकि वे पात्रता पूरी होने पर मतदान के अधिकार का उपयोग कर सकें।

28 दिसंबर तक होगा दावे-आपत्तियों का निराकरण

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या किसी तरह के संशोधन को लेकर परेशानी होने पर मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ECINET एप में ‘बुक ए कॉल विद BLO’ सुविधा के माध्यम से भी अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, प्राप्त दावे और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। ऐसे में मतदाताओं के लिए जरूरी है कि वे निर्धारित समय के भीतर प्रारूप सूची में अपना नाम और विवरण जांच लें।

यह खबर भी पढ़ें

छत्तीसगढ़: 3 पटवारी तत्काल प्रभाव से निलंबित, हड़ताल में शामिल 57 कर्मचारियों का अक्टूबर का वेतन रोका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *