बरमकेला में वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान के तहत कांग्रेस का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन

WhatsApp Video 2026-10-22 at 12.18.15 PM (1).mp4_snapshot_00.05.327

सारंगढ़ विधायक के नेतृत्व में निकली रैली, तहसील कार्यालय में संविधान की धारा 326 का किया वाचन; पुतला दहन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी

बरमकेला। वोट चोरी के मुद्दे और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को बरमकेला में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरमकेला के नेतृत्व में आयोजित रैली में सारंगढ़ विधायक सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।

अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर निकाली रैली

प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास एकत्रित हुए। यहां प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ के नारे लगाए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां तहसीलदार के समक्ष भारतीय संविधान की धारा 326 का वाचन किया गया। कांग्रेस ने इस अभियान के जरिए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन

तहसील कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के आरोपों के विरोध में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने विरोध को नारेबाजी के माध्यम से व्यक्त किया।

चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरमकेला के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सारंगढ़ विधायक समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस ने वोट चोरी के आरोपों को लेकर विरोध दर्ज कराते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग की।

Top Search

Advertisement Carousel