रायपुर के एप्पल स्टोर में 2 करोड़ की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 1.50 करोड़ रुपए के 125 आईफोन किए बरामद, 250 किलोमीटर के रूट पर 1000 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

रायपुर। मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में करीब 2 करोड़ रुपए के आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी के मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब 1.50 करोड़ रुपए कीमत के 125 आईफोन बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, पुलिस कमिश्नर ने आरोपियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

शटर उठाकर स्टोर से चुराया था सामान

मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात आरोपियों ने एप्पल स्टोर का शटर उठाकर वहां रखा सामान चोरी कर लिया था। आरोपी स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।

स्टोर संचालक ऋषभ डागा की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीशनल कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन में छह विशेष टीमें गठित कीं।

40 पुलिसकर्मियों की टीम ने की जांच

डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल और डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया के नेतृत्व में करीब 40 पुलिसकर्मियों ने जांच शुरू की। पुलिस के सामने चुनौती थी कि आरोपी डीवीआर भी ले गए थे और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी स्पष्ट नहीं थी।

बारीकी से जांच करने पर रात 2:37 बजे एक दोपहिया वाहन पर तीन लोग स्टोर की ओर आते दिखाई दिए। करीब आठ मिनट बाद 2:45 बजे वे वहां से निकलते नजर आए। इसी फुटेज को आधार बनाकर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

250 किलोमीटर के रूट पर 1000 से ज्यादा कैमरों की जांच

पुलिस टीम ने करीब 10 दिनों तक लगातार जांच की। लगभग 250 किलोमीटर के रूट पर 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। दीपावली के दौरान भी पुलिस टीम महाराष्ट्र के मौधा में जांच में जुटी रही।

इसी दौरान कुल्हान नदी के किनारे बिना नंबर की एक लावारिस बाइक मिली। बाइक का इंजन और चेसिस नंबर घिसा हुआ था। जांच में पता चला कि यह बाइक 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से चोरी हुई थी।

इसके बाद तकनीकी टीम ने 250 किलोमीटर के रूट पर 1100 से अधिक सेल टावरों और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया। ऑल इंडिया डेटा की जांच के दौरान वर्ष 2024 में जयपुर के एप्पल स्टोर में हुई चोरी का मामला भी सामने आया, जिसमें देवास-इंदौर के कंजर गिरोह की भूमिका बताई गई थी।

पुलिस ने आरोपियों के फुटेज अंतरराज्यीय पुलिस समूह में साझा किए। इसके बाद देवास पुलिस ने एक आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला निवासी राजेश झाला के रूप में की।

चोरी के दौरान मोबाइल फोन घर पर छोड़ देते थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राजेश झाला ने बताया कि गिरोह के सदस्य वारदात पर निकलते समय अपने मोबाइल फोन बंद कर घर पर छोड़ देते थे। वे चेहरे ढककर चलते थे और चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे।

पुलिस के अनुसार, राजेश झाला, उसका बेटा राज झाला और राजेश लोधी 25 अक्टूबर को बस से रायपुर पहुंचे थे। उन्होंने जोरा मॉल के पास से एक बाइक चोरी की और उसे महाराष्ट्र के साकोली के जंगल में छिपाकर इंदौर लौट गए। इसके बाद 31 अक्टूबर को उसी बाइक से रायपुर आकर एप्पल स्टोर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

वारदात के बाद बाइक को महाराष्ट्र के मौधा में कुल्हान नदी के पुल के नीचे छिपा दिया गया। वहीं, स्टोर का डीवीआर नदी में फेंक दिया गया। चोरी का सामान इंदौर में सफान खान को सौंपे जाने की जानकारी पुलिस को मिली।

मुंबई एयरपोर्ट के पास से पकड़ा गया सफान खान

राजेश की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद सफान खान फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिली कि वह विदेश जाने की तैयारी में है। इसके बाद इंस्पेक्टर सतीश पुरिया की टीम ने उसकी तलाश शुरू की।

जांच के दौरान सफान खान के मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास होने की जानकारी मिली। पुलिस ने संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर उसे विदेश रवाना होने से पहले गिरफ्तार कर लिया।

उसकी निशानदेही पर मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से चोरी के 125 आईफोन बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपए बताई गई है।

दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राजेश अजय सिंह झाला उर्फ झाला निवासी टोंककला, जिला देवास (मध्य प्रदेश) और सफान खान, पिता अनवर खान, निवासी बड़वानी (मध्य प्रदेश) शामिल हैं। राजेश झाला के खिलाफ मध्य प्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक अपराध दर्ज बताए गए हैं।

वहीं, राज झाला और राजेश लोधी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह चोरी के आईफोन बांग्लादेश और नेपाल में खपाता था। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के शेष सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें मध्य प्रदेश में कैंप कर रही हैं।

यह खबर भी पढ़ें

बाढ़ प्रभावित किसानों की आर्थिक नाकेबंदी की तैयारी तेज, आज मुरिया सदन में होगी अहम बैठक

✦ SHARE THE NEWS

खबर को आगे बढ़ाएं!

इस खबर को अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें।

↗
COPY NEWS LINK https://harshnews.com/apple-store-theft-125-iphones-recovered/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *