छत्तीसगढ़ में धान खरीदी तेज, नौ दिनों में 70 हजार से अधिक किसानों ने बेची उपज

23 नवंबर तक 2.78 लाख टन धान की खरीदी, प्रदेश में 2,461 केंद्रों पर चल रही प्रक्रिया; कांग्रेस ने रकबा कटौती और टोकन व्यवस्था को लेकर सरकार पर उठाए सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की रफ्तार तेज होने लगी है। खरीदी शुरू होने के महज नौ दिनों में ही प्रदेश के 70 हजार से अधिक किसान अपनी उपज बेच चुके हैं। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हुई है और 23 नवंबर तक कुल 2,78,010 टन धान की खरीदी दर्ज की गई है। अकेले 23 नवंबर को 63,074 टन धान खरीदा गया।

इस खरीफ सीजन के लिए प्रदेश में 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से इस बार 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। अब प्रदेश में कुल 2,461 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है।

ऑनलाइन टोकन से घर बैठे तय कर सकेंगे तारीख

सरकार का दावा है कि नए उपार्जन केंद्र शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे खरीदी केंद्रों में भीड़ का दबाव भी कम होगा। इसके अलावा धान खरीदी में ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू की गई है। अब तक किसानों को पांच लाख से अधिक टोकन जारी किए जा चुके हैं।

इस व्यवस्था के तहत किसान घर बैठे धान बेचने की तारीख तय कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ और लंबी प्रतीक्षा को कम करना है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिल सके।

3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी

राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। सरकार के अनुसार, यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान भी बेचता है, तो शेष छह क्विंटल के बराबर आदान सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों में बारदाना, तौल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और किसानों के लिए सुविधाजनक बनाने का दावा किया है।

पूरा धान खरीदने गंभीर नहीं सरकार: सुरेंद्र वर्मा

दूसरी ओर, धान खरीदी को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों का पूरा धान खरीदने के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने रकबा कटौती, पंजीयन और टोकन से जुड़ी समस्याओं को लेकर सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए।

कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं के निराकरण और शिकायतें दर्ज करने के लिए रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रदेश स्तरीय कंट्रोल रूम शुरू किया है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-4500780 जारी किया गया है।

सुरेंद्र वर्मा के अनुसार, धान उपार्जन केंद्रों पर 10 सदस्यीय निगरानी एवं किसान सहयोग समितियां भी बनाई जाएंगी। कांग्रेस ने रकबा कटौती, एग्रीस्टैक पोर्टल की खामियों और बारदाने की कमी का मुद्दा उठाते हुए विशेष शिविर लगाने तथा धान का तत्काल उठाव सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस तरह प्रदेश में एक ओर धान खरीदी की रफ्तार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर खरीदी व्यवस्था को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी जारी हैं।

यह खबर भी पढ़ें

छत्तीसगढ़ का निर्यात 18,714 करोड़ के पार, तीन साल में 2 हजार करोड़ से ज्यादा की बढ़ोतरी

✦ SHARE THE NEWS

खबर को आगे बढ़ाएं!

इस खबर को अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें।

↗
COPY NEWS LINK https://harshnews.com/chhattisgarh-paddy-procurement-2026-27/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *