धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हुए शामिल

ऐतिहासिक दशहरा मैदान में उमड़ा जनजातीय समाज का जनसैलाब, मुख्यमंत्री ने संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण को बताया सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता; भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल संबोधन दिया

जनजातीय गौरव दिवस धरमजयगढ़
जनजातीय गौरव दिवस धरमजयगढ़

धरमजयगढ़, रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम में हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए। समारोह में जनजातीय संस्कृति की आकर्षक झलक देखने को मिली। इस दौरान विभिन्न सम्मान कार्यक्रमों, पुरस्कार वितरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया शुभारंभ

समारोह में पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था, लेकिन अचानक उनका दौरा रद्द हो गया। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वयं जनजातीय पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। उन्होंने तीर-धनुष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी प्रसारण किया गया।

जनजातीय गौरव दिवस धरमजयगढ़
जनजातीय गौरव दिवस धरमजयगढ़

जनजातीय समाज का सम्मान और विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार जनजातीय समाज के आर्थिक सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को सम्मान देने के साथ उसके विकास और उत्थान के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।

भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने महज 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया था।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनका संघर्ष जनजातीय समाज के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई का प्रतीक है।

वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भी अनेक जनजातीय वीरों और बलिदानियों की गाथाओं से समृद्ध है। वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गेंद सिंह जैसे जननायकों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने नई पीढ़ी को इन महान जननायकों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराने के लिए नवा रायपुर में निर्मित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के अनुरूप स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध जनजातीय समाज का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जनजातीय गौरव दिवस धरमजयगढ़

पद्मश्री सम्मानित विभूतियों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान जनजातीय समाज की कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित विभूतियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इनमें बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी शामिल रहे।

इसके साथ ही जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं में विजेता दलों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित पारंपरिक उत्पादों तथा जनजातीय कला-संस्कृति की जानकारी ली।

पारंपरिक प्रमुखों और तेंदूपत्ता संग्राहकों को भी मिला सम्मान

कार्यक्रम में जनजातीय समाज के पारंपरिक प्रमुखों का सम्मान किया गया। वहीं मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरित की गई।

इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह के माध्यम से जनजातीय समाज की परंपराओं, कला और संस्कृति को सम्मान देने के साथ उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया।

नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से किया संबोधित

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने अपने संबोधन में आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है।

जनजातीय गौरव दिवस धरमजयगढ़
जनजातीय गौरव दिवस धरमजयगढ़

उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जननायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर है।

समारोह में कैबिनेट के लगभग सभी मंत्री और सांसदगण भी शामिल हुए। पूरे आयोजन में जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक योगदान और सम्मान की भावना प्रमुख रूप से देखने को मिली।

यह ख़बर भी पढ़ें : रायगढ़ दौरा रद्द: खराब विजिबिलिटी के कारण जिंदल एयरपोर्ट पर नहीं उतर पाया नितिन नवीन का विमान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *