कलेक्टर ने डीएमएफ कार्यों की विभागवार समीक्षा की, हर सप्ताह होगी प्रगति की निगरानी
रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने डीएमएफ अंतर्गत प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्रों में स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की नियमित निगरानी करने और उन्हें तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएमएफ प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में कलेक्टर ने वर्ष 2026-27 एवं पूर्व वर्षों में स्वीकृत कार्यों की विभागवार, जनपद पंचायतवार और नगरीय निकायवार समीक्षा की। उन्होंने डीएमएफ राशि में अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अप्रारंभ, प्रारंभ, प्रगतिरत और पूर्ण कार्यों की स्थिति के साथ टेंडर प्रक्रिया, कार्यादेश, उपयोगिता प्रमाण-पत्र एवं पूर्णता प्रमाण-पत्र की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम लगभग समाप्त हो चुका है। ऐसे में अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू कराया जाए और इसी कार्यशील मौसम में कार्य पूर्ण करने के लिए उचित प्लानिंग की जाए। उन्होंने कहा कि डीएमएफ कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा होगी और प्रत्येक सप्ताह कार्यों की जानकारी ली जाएगी। संबंधित अधिकारी स्वयं कार्यस्थल का निरीक्षण करें और कमियां मिलने पर उन्हें समय रहते दूर कराएं। उन्होंने सभी इंजीनियरों को समय-समय पर फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर किया जा सके। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में मरम्मत के लिए स्वीकृत कार्यों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। कलेक्टर ने इन कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य मजबूती और गुणवत्ता के साथ पूरे हो सकें।
