रायगढ़: जगतपुर में राशन वितरण में अनियमितता का आरोप

जगतपुर में राशन वितरण में अनियमितता का आरोप,मोहल्लेवासियों के साथ कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन रायगढ़ के जगतपुर वार्ड नंबर 4 में शासकीय उचित मूल्य दुकान से राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टोरेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष और कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर के नाम खाद्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई और पात्र हितग्राहियों को नियमित राशन दिलाने की मांग की। जगतपुर वार्ड नंबर 4 में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं ने मोर्चा खोल दिया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष और कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर खाद्य अधिकारी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने उचित मूल्य दुकान संचालक पर राशन वितरण में अनियमितता बरतने और हितग्राहियों पर राशन के बदले रुपये देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वार्ड नंबर 4 जगतपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार निवास करते हैं। इन परिवारों के लिए शासकीय राशन काफी महत्वपूर्ण है। आरोप है कि उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण के दौरान नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। हितग्राहियों से राशन देने के बदले रुपये लेने का दबाव बनाया जा रहा है। इसके चलते कई मोहल्लेवासी अपने हक के सरकारी राशन से वंचित हो रहे हैं।   कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जगतपुर वार्ड शहर के अति पिछड़े वार्डों में शामिल है। यहां रहने वाले गरीब परिवारों को सरकारी राशन की सबसे अधिक जरूरत है। ऐसे में यदि राशन वितरण में किसी तरह की अनियमितता होती है तो इसका सीधा असर जरूरतमंद परिवारों पर पड़ता है। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने खाद्य विभाग से मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही उचित मूल्य दुकान संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को उनका राशन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गरीब परिवारों को उनके अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए और राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Top Search