बाढ़ के संभावित खतरे पर प्रशासन की नजर, नदी-नालों और उफनते जलस्रोतों से दूर रहने की अपील
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में जारी भारी बारिश के बीच राज्य सरकार ने प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पड़ते ही तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और किसी भी आपात स्थिति में राहत कार्य में देरी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों की लगातार निगरानी करें। जहां भी लोगों को सहायता की जरूरत हो, वहां स्थानीय प्रशासन तत्काल आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पहले से पूरी तैयारी रखे।
