रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 3 की मौत, 10 से ज्यादा घायल

accident-1-1-1024x576

बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा, खड़े ट्रक में जा घुसी यात्री बस; गैस कटर से निकाले गए फंसे यात्री

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दरचुरा के पास तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।

पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक से टकराई बस

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे ग्राम दरचुरा से ठीक पहले स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुई। अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की बस क्रमांक CG 04 NM 0859 मुख्य मार्ग पर खड़े एक खराब ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय बस में करीब 22 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए।

गैस कटर से बस में फंसे यात्रियों को निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। टक्कर के कारण बस का ढांचा बुरी तरह मुड़ गया था, जिससे कुछ यात्री अंदर फंस गए थे। बचाव कार्य के दौरान गैस कटर की मदद से बस की चादर काटकर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा गया। पुलिस और बचाव दल ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य किया।

मृतकों और घायलों की पहचान में जुटी पुलिस

इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर सुरक्षा और सड़क किनारे खराब वाहनों को खड़ा रखने से जुड़े सवाल भी सामने आए हैं।

Top Search

Advertisement Carousel