बिलासपुर। साउथ बिहार एक्सप्रेस के जनरल कोच में रविवार को अहिराज सांप निकलने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। सांप दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद ट्रेन को किरोड़ीमल नगर स्टेशन पर रोककर उसे पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन सांप कोच के अंदर गहराई में चला गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित कोच को खाली कराकर बंद कर दिया गया। इसके बाद ट्रेन रायगढ़ के लिए रवाना हुई।

किरोड़ीमल नगर स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13288 साउथ बिहार एक्सप्रेस के पिछले जनरल कोच में सांप होने की सूचना वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने दी। इसके बाद ट्रेन को शाम 4:28 बजे किरोड़ीमल नगर स्टेशन पर नियंत्रित किया गया।
रेलवे कर्मचारियों ने सांप को पकड़ने के लिए विशेषज्ञ को बुलाया। हालांकि, अहिराज सांप कोच के अंदर ऐसी जगह चला गया, जहां से उसे निकालना संभव नहीं हो सका। काफी प्रयास के बावजूद सांप को पकड़ने में सफलता नहीं मिली।
यात्रियों को दूसरे कोच में किया गया शिफ्ट
कोच में सांप होने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने संबंधित जनरल कोच को खाली कराया और यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट कर दिया। इसके बाद सांप वाले कोच को बंद कर दिया गया, ताकि यात्री सुरक्षित रहें।
शाम 5:10 बजे रायगढ़ के लिए रवाना हुई ट्रेन
यात्रियों को सुरक्षित दूसरे कोच में भेजने और प्रभावित कोच को बंद करने के बाद साउथ बिहार एक्सप्रेस शाम 5:10 बजे रायगढ़ के लिए रवाना हुई। ट्रेन के जनरल कोच में सांप निकलने की इस घटना से यात्रियों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।