रायगढ़ में शौर्य दिवस समारोह: राज्यपाल रमेन डेका ने शहीद परिवारों का किया सम्मान, युवाओं को दिया राष्ट्रसेवा का संदेश

राज्यपाल ने कहा- शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर, उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व; सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रदान की प्रोत्साहन राशि

Highlights

  • रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ शौर्य दिवस समारोह।
  • राज्यपाल रमेन डेका ने शहीदों को श्रद्धांजलि देकर उनके परिजनों का किया सम्मान।
  • युवाओं से साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्श अपनाने की अपील।
  • भारतीय सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को राज्यपाल ने दी प्रोत्साहन राशि।
  • सैनिक स्कूल, ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई और भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के विद्यार्थियों को मिला प्रोत्साहन।

रायगढ़, 13 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका शुक्रवार शाम रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शामिल हुए। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

शहीद परिवारों का सम्मान राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए वीर जवानों का त्याग और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। एक सैनिक का बलिदान केवल उसका व्यक्तिगत बलिदान नहीं होता, बल्कि उसका पूरा परिवार भी राष्ट्र के लिए त्याग करता है।

उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है। शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके सुख-दुख में सहभागी बनना भी समाज का दायित्व है।

नक्सलवाद के विरुद्ध जवानों के साहस को किया नमन

राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। प्रदेश और देश की शांति एवं सुरक्षा के लिए अनेक जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।

उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी सच्ची देशभक्ति

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है। अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना और राष्ट्र के विकास में योगदान देना भी सच्ची देशभक्ति है।

उन्होंने सभी अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट को इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए बधाई दी।

राज्यपाल ने उपस्थित लोगों से शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।

सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को मिली प्रोत्साहन राशि

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

इसमें सैनिक स्कूल में अध्ययनरत अंकित पटेल, तोयम पटेल, स्तव्य साहू, जयेश सिदार एवं सृष्टि राठिया शामिल रहे। इसके अलावा कक्षा 9वीं के नवनीत मेहर, भुवनेश पटेल और अर्नव गुप्ता को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

इसी क्रम में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी, चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि और भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के आर. बालाजी को भी प्रोत्साहन राशि दी गई।

समारोह में ये गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

शौर्य दिवस समारोह में राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर. शंकर, कमाण्डेड अजय सिंह बिसेन, श्री सुभाष त्रिपाठी, श्रीमती आशा त्रिपाठी, श्री राहुल शुक्ला, श्री राजेश पटनायक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *