आज से शुरू चार दिवसीय छठ महापर्व, 70 से अधिक घाटों पर होगी पूजा

महादेवघाट में 15 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाआरती का आयोजन, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा पर्व का समापन

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। महादेवघाट स्थित खारुन नदी सहित शहर के 70 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा की तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष छठ महापर्व को भव्यता और उत्साह के साथ मनाने के लिए छठ महापर्व आयोजन समिति महादेवघाट ने विशेष इंतजाम किए हैं।

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि छठ पूजा छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, कोरबा, बस्तर सहित कई शहरों में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई जाती है। रायपुर में महादेवघाट, व्यास तालाब सहित 70 से अधिक स्थानों पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे। वहीं नवा रायपुर अटल नगर के झांझ तालाब के किनारे भी भव्य आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समिति, जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से खारुन नदी के महादेवघाट सहित शहर के विभिन्न पूजा घाटों की सफाई कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

13 नवंबर को नहाय-खाय, 14 को खरना

चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। इसके बाद 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। 15 नवंबर की शाम श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। वहीं 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ पर्व का समापन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

महादेवघाट में देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुति

छठ महापर्व के अवसर पर 15 नवंबर की शाम महादेवघाट में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय लोक गायिका गायत्री यादव (लखनऊ), लोक गायक मुकुल सिंह और लोक गायिका इशरत जहां केडिया (मुंबई) छठ गीतों की प्रस्तुति देंगे।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भरेंगे। प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम की ओर से अंतरराष्ट्रीय नृत्य नाटिका एवं झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसी दिन शाम को महाआरती का आयोजन भी होगा।

‘छठी मैया स्वच्छता की सबसे बड़ी ब्रांड एम्बेसडर’

समिति अध्यक्ष सिंह ने छठ महापर्व को स्वच्छता और शुद्धता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा में प्रसाद तैयार करने से लेकर पूजा स्थलों और घाटों की सफाई तक हर स्तर पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। यह पर्व प्राचीन समय से ही समाज को स्वच्छता का संदेश देता आ रहा है।

उन्होंने कहा कि छठी मैया को विश्व की सबसे बड़ी स्वच्छता की ब्रांड एम्बेसडर कहना इस पर्व की स्वच्छता परंपरा को दर्शाता है। छठ महापर्व में प्रकृति, सूर्य उपासना, शुद्धता और सामूहिक सहभागिता का विशेष महत्व है।

यह खबर भी पढ़ें

छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 से 17 दिसंबर तक, चार दिनों में होंगी चार बैठकें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *