रायपुर में अब घर बैठे मिलेगी कचरा गाड़ी की लोकेशन, GPS से होगी निगरानी; 5 मिनट में सुलझेगी शिकायत!

नगर निगम सभी कचरा वाहनों को GPS आधारित डिजिटल सिस्टम से जोड़ रहा है। तय रूट से भटकने या देरी होने पर कंट्रोल रूम को मिलेगा अलर्ट, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई।

Highlights

  • रायपुर नगर निगम के कचरा वाहनों की GPS से होगी डिजिटल निगरानी।
  • नागरिक घर बैठे जान सकेंगे कचरा गाड़ी की लोकेशन और पहुंचने का संभावित समय।
  • अब तक 50 से 60 वाहनों के रूट डिजिटाइज किए जा चुके हैं।
  • वाहन के रूट से भटकने या निर्धारित समय से 30 मिनट अधिक देरी पर सिस्टम देगा रेड फ्लैग।
  • शिकायतों का डिजिटल रिकॉर्ड देखकर पांच मिनट में निराकरण करने का निगम का दावा।
  • खाली डंपिंग स्थलों को ग्रीन कार्नर और उद्यान के रूप में विकसित करने की योजना।

रायपुर। राजधानी रायपुर में कचरा कलेक्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम नई डिजिटल व्यवस्था लागू करने जा रहा है। अब घरों से कचरा लेने आने वाली गाड़ी का इंतजार करने वाले नागरिक घर बैठे ही उसकी लोकेशन और पहुंचने का संभावित समय पता कर सकेंगे। इसके लिए नगर निगम सभी कचरा वाहनों को GPS आधारित डिजिटल निगरानी सिस्टम से जोड़ रहा है। इससे न केवल लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि कचरा कलेक्शन व्यवस्था की निगरानी भी आसान होगी।

GPS से होगी कचरा गाड़ियों की निगरानी

नगर निगम की नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक कचरा वाहन का निर्धारित रूट और समय डिजिटल सिस्टम में दर्ज रहेगा। नागरिक वाहन की वास्तविक लोकेशन और उसके घर पहुंचने का संभावित समय जान सकेंगे। अब तक 50 से 60 वाहनों के रूट डिजिटाइज किए जा चुके हैं।

इस सिस्टम के जरिए वाहनों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। यदि कोई वाहन निर्धारित रास्ते से भटकता है, तय समय से 30 मिनट से अधिक देरी करता है या किसी स्थान पर बिना वजह 15 से 20 मिनट तक खड़ा रहता है, तो सिस्टम रेड फ्लैग जारी करेगा। इसके बाद कंट्रोल रूम संबंधित वाहन की स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर सकेगा।

इस व्यवस्था के संचालन के लिए इंदौर में सफाई निगरानी का काम कर रही विशेषज्ञ एजेंसी की सेवाएं ली जा रही हैं।

कचरा गाड़ी नहीं आने पर पांच मिनट में होगी शिकायत की जांच

अक्सर लोगों को कचरा गाड़ी नहीं आने पर नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। नई डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद ऐसी शिकायतों की जांच वाहन की लोकेशन और समय के रिकॉर्ड के आधार पर की जा सकेगी।

नगर निगम का दावा है कि डिजिटल रिकॉर्ड की मदद से पांच मिनट में शिकायत का निराकरण किया जा सकेगा। इसके अलावा सड़क और नाली की सफाई का काम भी पहले और बाद की तस्वीरों के साथ दर्ज किया जाएगा। इससे सफाई कार्य की वास्तविक स्थिति का डिजिटल प्रमाण उपलब्ध रहेगा।

गंदगी फैलाने वालों पर CCTV से होगी कार्रवाई

शहर में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों पर भी नगर निगम शिकंजा कसने की तैयारी में है। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं।

सफाई कर्मचारी भी सड़क या नाली में कचरा फेंकने वालों की तस्वीरें समय और लोकेशन के साथ डिजिटल सिस्टम पर अपलोड कर सकेंगे। इन साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, बार-बार कचरा देने से मना करने वाले नागरिकों की जानकारी भी कर्मचारी डिजिटल रूप से दर्ज कर सकेंगे।

डंपिंग स्थलों को ग्रीन कार्नर में बदलने की योजना

नगर निगम खाली प्लॉटों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर खत्म करने के लिए ऐसे स्थलों को उद्यान के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। टूरी हटरी और गुरु तेग बहादुर उद्यान में बदलाव के बाद सभी जोन को हर सप्ताह दो-दो स्थानों का कायाकल्प करने का लक्ष्य दिया गया है।

इसके लिए जब्त पुरानी रेलिंग और लोहे के सामान का इस्तेमाल कर बाउंड्री बनाई जा रही है। साथ ही उद्यानों में पौधारोपण, पेवर ब्लॉक, लाइटिंग और बैठने की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा।

डिजिटल निगरानी से बदलेगी सफाई व्यवस्था?

रायपुर नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य कचरा कलेक्शन से लेकर सड़क और नाली की सफाई तक पूरी व्यवस्था को डिजिटल निगरानी में लाना है। यदि यह सिस्टम प्रभावी तरीके से लागू होता है, तो नागरिकों को कचरा गाड़ी की जानकारी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा और सफाई व्यवस्था में जवाबदेही भी बढ़ सकती है

यह खबर भी पढ़ें

दिवाली पर भी नहीं बुझी डीएड अभ्यर्थियों की उम्मीद, 325 दिनों से तूता में धरना; 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *