सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने और सड़क पर पार्किंग कराने पर रोक, नियम तोड़ने पर चौपाटी बंद कराने तक की कार्रवाई
रायपुर। राजधानी के MG रोड पर रात में लगने वाली चौपाटियों के संचालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम सख्त नियम लागू करने की तैयारी में हैं। नए नियमों के तहत अब चौपाटियां रात 9 बजे से सुबह 1 बजे तक ही लग सकेंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही ठेले और अस्थायी दुकानें लगाने की अनुमति होगी। सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाकर ग्राहकों को बैठाने और सड़क पर वाहन खड़े कराने पर भी रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर चौपाटियां स्थायी रूप से बंद भी कराई जा सकती हैं।
पुलिस और नगर निगम की संयुक्त बैठक में बनी सहमति
नियमों को लेकर यातायात सभागार में पुलिस, नगर निगम, MG रोड व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि चौपाटियों के कारण सड़क पर जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और गंदगी की शिकायतें मिल रही हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दुकानदारों पर शटर बंद करने का दबाव नहीं बना सकेंगे
बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने स्पष्ट किया कि चौपाटी संचालक किसी भी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव नहीं बना सकेंगे। इस मुद्दे पर विवाद करने की भी अनुमति नहीं होगी। चौपाटी केवल संबंधित दुकान का शटर बंद होने के बाद ही लगाई जा सकेगी।
कुर्सी-टेबल और पार्किंग की जिम्मेदारी संचालकों की
नए नियमों के अनुसार, चौपाटी संचालक सड़क और फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल नहीं लगा सकेंगे। ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था करना भी संचालकों की जिम्मेदारी होगी। मुख्य सड़क या ऐसी जगहों पर वाहन खड़े नहीं कराए जा सकेंगे, जहां यातायात बाधित होता हो।
गीला और सूखा कचरा रखना होगा अलग
चौपाटी संचालकों को अपनी दुकान और आसपास के क्षेत्र की सफाई खुद करनी होगी। इसके लिए गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग डस्टबिन रखने अनिवार्य होंगे। चौपाटी बंद करने के बाद पूरे स्थान की सफाई करनी होगी। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की अनुमति नहीं होगी।

नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस रखेंगे निगरानी
बैठक में नगर निगम अधिकारियों को सफाई और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, व्यापारी संघ से चौपाटी संचालकों और स्थायी दुकानदारों के बीच तालमेल बनाए रखने को कहा गया।
चौपाटी संचालकों ने नए नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर चौपाटियों को बंद भी कराया जा सकता है।
यह खबर भी पढ़ें
छत्तीसगढ़ के 19 जिला शिक्षा अधिकारियों का नवंबर का वेतन रोका, विद्या समीक्षा केंद्र एप में लापरवाही पर कार्रवाई
- धान खरीदी में किसानों की समस्याओं को लेकर भीम आर्मी ने सौंपा ज्ञापन, पारदर्शी व्यवस्था की उठाई मांग

- रायगढ़ में धान खरीदी पर बारदानों का संकट, जरूरत 22 हजार गठान की, अब तक मिले सिर्फ 12,937

- रायगढ़ में 70 लाख की शेयर मार्केट ठगी, फरार महिला आरोपी गिरफ्तार

- धान खरीदी और डिजिटल क्रॉप सर्वे के अतिरिक्त काम से परेशान राजस्व निरीक्षक, संघ ने सौंपा ज्ञापन

- बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटा रायगढ़ प्रशासन, कमजोर विद्यार्थियों के लिए लग रहीं विशेष कक्षाएं















Leave a Reply