कांग्रेस ने एक लाख की जगह 10 हजार लोगों के पहुंचने का किया दावा, तमनार में जंगल कटाई का विरोध कर रहे 38 आदिवासियों पर FIR का मुद्दा भी उठाया

रायगढ़। रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम में एक लाख लोगों की भीड़ जुटने के सरकारी दावे पर सवाल उठाते हुए इसे हकीकत से दूर बताया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर आदिवासी गौरव और सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी समाज अपने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है।
एक लाख की भीड़ के दावे पर उठाए सवाल
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजातीय गौरव दिवस समारोह में एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया था, जबकि कांग्रेस के मुताबिक कार्यक्रम में मुश्किल से 10 हजार लोग ही पहुंचे। पार्टी ने इसे सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर बताया।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि आदिवासी समाज का सम्मान केवल मंचों से भाषण देने और बड़े आयोजन करने से नहीं होता, बल्कि उनके जल, जंगल, जमीन और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है। कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि आदिवासी समाज ने आयोजन से दूरी बनाकर सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है।
तमनार में 38 आदिवासियों पर FIR का मुद्दा उठाया
प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने क्षेत्र में 18 खदानों के विरोध और तमनार में जंगल कटाई के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जंगल कटाई का विरोध कर रहे 38 आदिवासियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाना गंभीर मामला है।
पार्टी ने सवाल उठाया कि अपने जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले आदिवासियों को ही कानूनी कार्रवाई का सामना क्यों करना पड़ रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार को भीड़ के आंकड़ों के बजाय आदिवासी समाज की वास्तविक समस्याओं और उनकी मांगों पर ध्यान देना चाहिए।
नितिन नवीन के दौरे पर भी कांग्रेस ने पूछे सवाल
कांग्रेस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के धरमजयगढ़ दौरे को लेकर भी सवाल खड़े किए। पार्टी ने पूछा कि क्या वे आदिवासियों के विरोध और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए तैयार हैं? प्रेसवार्ता के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार से आदिवासी समाज के अधिकारों और क्षेत्र की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की












Leave a Reply