महानवमी पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ के दुर्गा पूजा पंडालों में की पूजा-अर्चना

op-choudhary-raigarh

माँ भगवती से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना, बोले—माँ दुर्गा की आराधना हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का प्रतीक

रायगढ़।

शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रायगढ़ शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर माँ दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने माँ भगवती के चरणों में शीश नवाकर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की मंगलकामना की। साथ ही श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें महानवमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।

माँ दुर्गा की आराधना साहस, सद्भाव और सेवा की देती है प्रेरणा

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने माँ दुर्गा की महिमा का स्मरण करते हुए कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व शक्ति, भक्ति, साधना और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। माँ भगवती की आराधना हमें जीवन में साहस, सद्भाव, सेवा और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में आदिशक्ति माँ दुर्गा की उपासना का विशेष महत्व है। यह पर्व हमारी समृद्ध धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को सशक्त बनाता है।

रायगढ़ सहित पूरे छत्तीसगढ़ में दिखा भक्ति और उत्साह का माहौल

वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ सहित पूरे छत्तीसगढ़ में नवरात्रि के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिलता है। दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आस्था और सामूहिक सहभागिता हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखती है।

प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि के लिए की प्रार्थना

इस अवसर पर ओपी चौधरी ने माँ भगवती से प्रार्थना की कि उनकी असीम कृपा और आशीर्वाद समस्त प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के निरंतर विस्तार तथा प्रदेश के विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहने की कामना की।

Top Search

Advertisement Carousel