105 स्कूलों की मरम्मत के लिए 47 लाख रुपये से अधिक मंजूर, छोटापारा से मठपुरैना तक कई भवनों की हालत खराब
रायपुर। राजधानी के सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कहीं कक्षाओं की छत से प्लास्टर उखड़कर गिर रहा है, तो कहीं दीवारों से ईंटें और लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं। खपरैल वाले पुराने भवनों के भी जर्जर होने से उनके ढहने का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद कई स्कूलों में इन्हीं भवनों के कमरों में बच्चों की पढ़ाई जारी है।
जानकारी के अनुसार, जिले के 105 स्कूलों के रखरखाव और मरम्मत के लिए 47 लाख रुपये से अधिक की राशि मंजूर की गई है। वहीं, इसी शिक्षा सत्र में तोड़ने के लिए चिह्नित 134 जर्जर भवन अब भी स्कूल परिसरों में मौजूद हैं। कई भवनों का निरीक्षण तक नहीं हो पाने की बात सामने आई है।
छोटापारा स्कूल में खपरैल भवन से खतरा
शहर के छोटापारा स्थित प्राथमिक शाला का भवन आजादी से पहले का बताया जा रहा है। खपरैल से बना यह पुराना ढांचा जर्जर हो चुका है। छत से खपरैल गिरने की आशंका बनी रहती है और स्कूल के आसपास छोटे बच्चे भी खेलते हैं। प्रशासन ने भवन को तोड़कर नया निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार किया है, लेकिन अब तक इसे हटाया नहीं गया है।
दलदलसिवनी में छत से गिर रहा प्लास्टर
दलदलसिवनी स्थित प्राथमिक शाला में कक्षाओं की छत का प्लास्टर उखड़कर नीचे गिर रहा है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। स्कूल के शौचालयों की स्थिति भी खराब बताई गई है। परिसर में मौजूद एक पुराने भवन को पहले ही खतरनाक घोषित किया जा चुका है, लेकिन उसे तोड़ने की कार्रवाई अब तक शुरू नहीं हुई है।

मठपुरैना स्कूल की छत से बाहर निकली लोहे की छड़ें
मठपुरैना सरकारी स्कूल का पुराना भवन भी कई वर्षों से जर्जर स्थिति में है। इमारत की छत से लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं। भवन की स्थिति को देखते हुए इसे डिस्मेंटल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन प्रक्रिया लंबित होने के कारण ढांचा अब भी परिसर में मौजूद है।
संत कंवर राम स्कूल के चार कमरे तोड़ने का प्रस्ताव
संत कंवर राम शासकीय शाला की इमारत की दीवारों और छतों में दरारें दिखाई दे रही हैं। यहां चार कक्षाओं को तोड़ने का प्रस्ताव लंबित है। हालांकि, अब तक इन जर्जर कमरों को हटाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
पंचायतों को भेजी गई मरम्मत की राशि
जिला शिक्षा विभाग के मुताबिक, जिले के 105 स्कूलों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 47 लाख रुपये से अधिक का बजट जारी किया गया है। रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी एम. सतीश नायर ने बताया कि स्वीकृत राशि जनपद पंचायतों के माध्यम से संबंधित ग्राम पंचायतों को भेज दी गई है। साथ ही स्कूलों का समय पर मेंटेनेंस कराने के निर्देश दिए गए हैं।

यह खबर भी पढ़ें
बोर्ड परीक्षा की तैयारी तेज, रायगढ़ जिले से 21,965 विद्यार्थी होंगे शामिल
- अजीम प्रेमजी स्कूल में वार्षिक खेल दिवस की धूम, बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी दिखाया दमखम

- हर बूथ पर बनेंगे 10 किसान मितान, किसानों की समस्याएं पहुंचेंगी सीधे सरकार तक

- रायगढ़ में नवोदय विद्यालय की कक्षा छठवीं प्रवेश परीक्षा आयोजित, 950 विद्यार्थियों ने कराया पंजीयन

- रायगढ़ में सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल, आगजनी और आपात स्थिति में राहत-बचाव का किया अभ्यास

- रायपुर के सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल, 134 जर्जर भवन अब भी नहीं हटे







Leave a Reply