तूफान और बारिश भी नहीं रोक पाई अग्र आनंद मेले की रौनक, दिखी स्वाद और हुनर की रंगीन दुनिया
रायगढ़, 7 अक्टूबर। महाराजा श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत मंगलवार को स्थानीय रेड क्वीन परिसर में ‘अग्र आनंद एवं पाक मेला’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने आयोजन के सामने चुनौती खड़ी कर दी थी। एक समय ऐसा लगा कि मौसम के कारण मेला प्रभावित हो सकता है, लेकिन आयोजन समिति के उत्साह और मेहनत के आगे मौसम की चुनौती भी छोटी पड़ गई।
शाम करीब 7 बजे मेला शुरू हुआ। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग परिसर में पहुंचे और देखते ही देखते पूरा आयोजन स्थल उत्सव के रंग में रंग गया। मेले में समाज की प्रतिभाओं, स्वाद और उद्यमिता की शानदार झलक देखने को मिली।

38 स्टॉल में दिखा स्वाद और हुनर
अग्र आनंद एवं पाक मेले में कुल 38 स्टॉल लगाए गए थे। इनमें अलग-अलग तरह के व्यंजनों के साथ बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए कई खेल आकर्षण का केंद्र रहे।
मेले में दाबेली, वड़ा पाव, देसी-ग्रामीण व्यंजन, चावल की पकौड़ी, सैंडविच, गार्लिक ब्रेड, वेफर्स और आइसक्रीम सहित कई खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए। बच्चों के लिए ‘एक मिनट गेम’ समेत विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
वहीं, समाज की महिलाओं और युवाओं ने घर पर तैयार किए जाने वाले उत्पादों, डाइट और ब्यूटी से जुड़े प्रोडक्ट्स, ड्रायफ्रूट सहित कई तरह के स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के जरिए महिलाओं और युवाओं ने अपनी प्रतिभा के साथ उद्यमिता का भी प्रदर्शन किया।

राजस्थानी रंगत ने बांधा समां
मेले में राजस्थानी संस्कृति की विशेष झलक देखने को मिली। परिसर में राजस्थानी खाट, हुक्का, ऊंट समेत कई आकर्षक सेल्फी पॉइंट बनाए गए थे। बच्चों और युवाओं ने इन सेल्फी पॉइंट्स पर तस्वीरें खिंचवाईं।
कोरबा से पहुंचे राजस्थानी लोक नृत्य दल ने पारंपरिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को राजस्थानी रंग में रंग दिया। लोक नृत्य की प्रस्तुतियों का लोगों ने जमकर आनंद लिया।

लाइव म्यूजिक स्टेज बना आकर्षण
मेले के बीचों-बीच बनाया गया लाइव म्यूजिक स्टेज भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ समाज के कई सदस्यों ने मंच पर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खास बात यह रही कि मंच को सभी के लिए खुला रखा गया। इससे कई ऐसी छिपी प्रतिभाओं को पहली बार बड़े मंच पर अपनी आवाज प्रस्तुत करने का मौका मिला, जो अब तक घर या परिचितों के बीच ही गाया करती थीं।
समाज के सदस्यों ने इस पहल की सराहना की। पहली बार मंच पर माइक संभालने वाले प्रतिभागियों ने अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन किया।

महिलाओं की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में जयंती आयोजन समिति की प्रभारी एवं अग्र आनंद एवं पाक मेला प्रभारी श्रीमती कविता बेरीवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ शालू गोयल, रेखा अग्रवाल, सुरुचि अग्रवाल, सीमा गुप्ता, राधा अग्रवाल, सुरेखा अग्रवाल, रानी तायल, करिश्मा अग्रवाल, मोना अग्रवाल, मधु गर्ग, मीता अग्रवाल, रीथिका बेरीवाल, मधु अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, सुमन सरावगी, पिंकी अग्रवाल, मनीषा अग्रवाल, मोनाली सा अग्रवाल, शीला अग्रवाल, शारदा अग्रवाल, शीतल मित्तल और सुनीता बेरीवाल सहित पूरी टीम ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।
आयोजन को सफल बनाने में संजय अग्रवाल (कार्ड), प्रदीप गर्ग, अनूप बंसल, संजय अग्रवाल (पथलगांव), सचिन बंसल, अशोक अग्रवाल (ब्लू चिप), मानस अग्रवाल, प्रकाश निगानिया, गोपाल बापोडिया और दीपक केडिया सहित समिति के अन्य सदस्यों का भी सहयोग रहा।
देर रात तक उमड़ी भीड़
आंधी-तूफान और बारिश के बावजूद मेले में उम्मीद से अधिक भीड़ पहुंची। देर रात तक लोगों ने खान-पान, खेल, संगीत और राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
आयोजकों के अनुसार, मेले में लगाए गए स्टॉल संचालकों को भी अच्छा प्रतिसाद मिला। कई स्टॉलों पर देर रात तक लोगों की भीड़ देखने को मिली।
अग्र आनंद एवं पाक मेला मनोरंजन के साथ समाज की प्रतिभा, उद्यमिता और सामूहिक सहभागिता का मंच भी बना।
