एसएसपी ने सपरिवार मां बंजारी धाम में की पूजा-अर्चना, महाभंडारे का किया शुभारंभ

WhatsApp Image 2026-10-18 at 09.04.29 (1)
 

मां बंजारी धाम में उमड़े श्रद्धालु, पुलिस परिवार ने महाभंडारे में हजारों भक्तों को बांटा प्रसाद

रायगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मां बंजारी धाम तराईमाल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं। सप्तमी तिथि पर रायगढ़ के एसएसपी शशिमोहन सिंह सपरिवार मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां बंजारी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने जिलेवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान दीप गृह में पूजा-अर्चना करने के साथ अखंड मनोकामना ज्योति कलश के दर्शन भी किए। मंदिर समिति की ओर से चुनरी ओढ़ाकर और श्रीफल भेंटकर उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर पुलिस परिवार की ओर से आयोजित महाभंडारे का शुभारंभ किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं को चावल, दाल, सब्जी, खीर और पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, केलो महतारी तमनार की बेटियों के गरबा नृत्य कार्यक्रम का भी पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, पार्किंग, पूजन-दर्शन, प्रसाद वितरण और दीप प्रज्वलन की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन दोपहर और रात्रि में भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। सुबह से ही भक्त नारियल, बूंदी, लाई, हलवा, खीर और चना सहित विभिन्न प्रसाद चढ़ाकर माता की आराधना कर रहे हैं।     मां बंजारी धाम में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर में मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नागरिकों तथा प्रशासनिक अधिकारियों सहित अनेक श्रद्धालुओं द्वारा मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की गई है। मंदिर परिसर में नवरात्रि के दौरान भक्ति और सेवा का विशेष माहौल बना हुआ है। मंदिर समिति के अनुसार, 20 अक्टूबर, मंगलवार को सामूहिक हवन-पूजन, कन्या भोज और विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

Top Search

Advertisement Carousel