किसानों की समृद्धि, सुशासन और जनसेवा हमारी सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

IMG-20261015-WA0049
               

नुआखाई भेंटघाट में मुख्यमंत्री ने की 80 लाख रुपये के सामुदायिक भवनों की घोषणा, प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया उत्साहवर्धन

  रायगढ़. रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शामिल हुए। समाज के लोगों ने गज माला पहनाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मां रणेश्वरी रामचण्डी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख रुपये तथा नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के मंगल भवन के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।           मुख्यमंत्री श्री साय ने नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह किसानों की मेहनत, नई फसल और समृद्धि से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। प्रदेश सरकार किसानों की खुशहाली के लिए निरंतर काम कर रही है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना का कार्य प्रारंभ हुआ है, जो इस अंचल के लिए वरदान साबित होगी। सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाएं शुरू की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है।       मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है तथा आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार आवासों की स्वीकृति दी गई है। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी पहल शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार ने अपने ढाई वर्षों के कार्यकाल में अधिकांश वादों को पूरा किया है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने प्रतिभा सम्मान समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा और प्रतिभा के बल पर युवा प्रदेश का नाम रोशन करें। इस अवसर पर उन्होंने समाज प्रमुखों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के साथ नुआखाई का पारंपरिक भोजन भी ग्रहण किया।  

*कोलता समाज की संस्कृति और संस्कार अनुकरणीय -वित्त मंत्री

  प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि पुसौर, सरिया से लेकर तमनार, लैलूंगा और धरमजयगढ़ तक कोलता समाज के लोग अपनी ईमानदारी, सज्जनता और संस्कारों के लिए पहचाने जाते हैं। समाज की गौरवशाली संस्कृति और परंपराएं सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साकरा में लिफ्ट सिंचाई परियोजना, पुसौर एवं सरिया में रजिस्ट्री कार्यालय, 100 बिस्तरों का अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर जैसी सुविधाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने पुसौर की छात्रा गिरिजा प्रधान की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि दसवीं की परीक्षा में प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त करने पर उन्हें 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और लैपटॉप प्रदान किया गया है। उन्होंने समाज के युवाओं को आईआईटी, दिल्ली विश्वविद्यालय और प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचने तथा डॉक्टर, इंजीनियर और उद्यमी बनकर समाज का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वित्त मंत्री ने बेलरिया में विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज और क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।    

Top Search

Advertisement Carousel