फोरलेन, सड़क उन्नयन और विद्युतीकरण से बदलेगी सड़कों की तस्वीर
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने प्रदेश में सड़क और पुल अधोसंरचना को गति देने के लिए 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये के 24 कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें रायगढ़ जिले से जुड़े चार महत्वपूर्ण सड़क कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं में नई सड़क का निर्माण, मौजूदा सड़क का उन्नयन तथा फोरलेन चौड़ीकरण के साथ विद्युतीकरण किया जाएगा।
रायगढ़ जिले में उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के 3.40 किलोमीटर हिस्से के निर्माण के लिए 13 करोड़ 74 लाख 29 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ सड़क के 12.30 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन के लिए 24 करोड़ 26 लाख 47 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
वहीं रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मुख्य जिला मार्ग में पांच किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण के लिए 59 करोड़ 49 लाख 4 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है। इसके अलावा रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के पांच किलोमीटर हिस्से को फोरलेन करने और विद्युतीकरण के लिए 47 करोड़ 77 लाख 76 हजार रुपये की निविदा मंजूर की गई है।
इन चारों कार्यों की कुल लागत 145 करोड़ 27 लाख 56 हजार रुपये है। सड़क निर्माण और उन्नयन के इन कार्यों से जिले के प्रमुख मार्गों की क्षमता बढ़ाने के साथ आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में काम होगा। फोरलेन मार्गों के साथ विद्युतीकरण होने से संबंधित क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं का विस्तार होगा।
